MP News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के बीच कांग्रेस नेता का बधाई संदेश वायरल, जानें क्या है मामला?
BJP National President: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ाए जाने और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष की चर्चा के बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने शिवराज सिंह चौहान को बधाई दी है। शनिवार सुबह से ही इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि इस वीडियो में बधाई वास्तव में बधाई नहीं बल्कि तंज है। वहीं उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के समर्थकों पर निशाना साधते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ाने का असली कारण भी बताया।
इससे एक दिन पहले शुक्रवार शाम से ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के दिल्ली और भोपाल स्थित बंगले के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। भोपाल के 74 बंगले स्थित बी-8 में शिवराज के घर के बाहर चारों तरफ से बैरिकेड्स लगाए गए। वहीं शनिवार की सुबह भारी पुलिस बल तैनात दिखा। शिवराज सिंह चौहान के पास पहले से ही जेड प्लस सुरक्षा है, इस अतिरिक्त सुरक्षा ने कई चर्चाओं को हवा दे दी।
इधर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने सेMP केे सियासी गलियारों में शुरू हुई हलचल और अफवाहों के बीच कांग्रेस नेता के बयान का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एमपी कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने शिवराज को बधाई भी दी है। लेकिन बता दें कि वीडियो में उनके बधाई देने का तरीका तंज में भीगा नजर आया। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के समर्थकों पर तंज कसते हुए शिवराज सिंह चौहान और मोहन सरकार पर भी निशाना साधा।
आज सुबह से चर्चा चल रही है कि शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ाई गई है। इस बीच उनके समर्थकों का कहना है कि उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाएगा। सिर्फ घोषणा बाकी है। अगर बनाया जा रहा है तो इससे अच्छी बात एमपी के लिए और क्या हो सकती है। मैं इसके लिए शिवराज जी को बधाई देता हूं। लेकिन शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ाए जाने का असली कारण उनकी सुरक्षा में लापरवाही है। जिसके बाद गृह मंत्रालय ने एमपी डीजीपी कैलाश मकवाना को पत्र लिखा है कि शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ाई जाए। गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद यह सुरक्षा बढ़ाई गई है।
मुकेश नायक, मीडिया प्रभारी, एमपी कांग्रेस