भोपाल

एमपी में 350 सिलेंडर जब्त, 2 एफआईआर, गैस की दिक्कत दूर करने टोल फ्री नंबर जारी

LPG Gas- उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में एलपीजी गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए

2 min read
Mar 13, 2026
Toll-free number issued to resolve gas supply issues in MP- demo pic

LPG GAS- ईरान -इजरायल -अमेरिका युद्ध का एमपी पर व्यापक असर देखा जा रहा है। राज्य में कई जगहों पर सिलेंडरों की जबर्दस्त किल्लत चल रही है। इधर राज्य सरकार प्रदेश में पर्याप्त गैस होने का दावा कर रही है। मध्य पूर्व देशों के ताजा हालात को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश में पड़ने वाले इसके प्रभाव की समीक्षा के लिए मंत्री मंडल समिति की बैठक शुक्रवार को मंत्रालय में बुलाई गई। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में एलपीजी गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इस बीच प्रदेश में गैस की कालाबाजारी रोकने प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। प्रदेश में 350 सिलेंडर जब्त कर केस दर्ज किए गए हैं। गैस संबंधी किसी भी दिक्कत को दूर करने के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं।

मंत्री मंडल ​समिति के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवडा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने वर्तमान हालात की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री काश्यप बैठक में वर्चुअली शामिल हुए। यहां प्रदेश के प्रवासियों को खाड़ी देशों से सुरक्षित लाने के लिए किए गए उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

ये भी पढ़ें

एमपी के किसानों को 2 मार्च को मिलेगी होली की सौगात, सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान

अनियमितता पर करें तत्काल कार्रवाई

मंत्रियों ने गैस एजेंसियों के संचालन, सिलेंडर वितरण की समयबद्धता और उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यदि कहीं वितरण व्यवस्था में अनियमितता या विलंब की शिकायत मिलती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए।

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, एटीएस, क्रूड ऑयल एवं घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है एवं निरंतर आपूर्ति जारी है। प्रदेश में आवश्यक वस्तु अधिनियम के अन्तर्गत निरंतर कार्यवाही की जा रही है। अभी तक 115 स्थानों पर जांच की गई, 350 सिलेण्डर जब्त किए तथा 2 एफआईआर की गई।

ऑफलाइन बुकिंग करने के भी निर्देश

मंत्री चेतन्य काश्यप ने सिलेण्डर बुकिंग के लिए बनाए पोर्टल में तकनीकी खराबी दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने एजेंसियों में आवश्यकता अनुसार ऑफलाइन बुकिंग करने के भी निर्देश दिए।

ऑयल कंपनी के स्टेट नोडल ऑफिसर अजय श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि गैस सिलेण्डर का पर्याप्त स्टॉक वाटलिंग प्लांट एवं वितरकों के गोदाम में उपलब्ध है। आशंकित उपभोक्ताओं द्वारा अत्यधिक गैस सिलेण्डर की बुकिंग के कारण सर्वर पर अतिरिक्त लोड आने से असुविधा हो रही थी, जिसे त्वरित व्यवस्थित किया जा रहा है एवं अतिशीघ्र स्थिति सुधार ली जाएगी।

समिति ने राज्यस्तर के साथ जिलास्तर पर भी कंट्रोल रूम बनाए जाने एवं प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। गैस आपूर्ति के संबंध में किसी भी शिकायत या सुझाव के लिए इंडियन ऑयल के टोल फ्री नंबर 1800-2333-555, एचपीसीएल का टोल फ्री नंबर 1800-258-7170 तथा भारत पेट्रोलियम का टोल फ्री नंबर 1800-22-4344 पर संपर्क किया जा सकता है।

Updated on:
13 Mar 2026 08:32 pm
Published on:
13 Mar 2026 08:31 pm
Also Read
View All

अगली खबर