
Bhopal ACP House Theft: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अब चोर बेखौफ होते जा रहे हैं, इस बार चोरों ने पुलिस विभाग के एक बड़े अफसर के घर को निशाना बनाया है। चोर पुलिस अधिकारी के घर से 6 लाख रुपये नकद व लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए हैं। पुलिस अधिकारी के घर हुई चोरी की इस बड़ी घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया और अलग-अलग पुलिस की टीमें बनाकर चोरों की तलाश में लगाई गई हैं।
भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र के दानिश कुंज 2 में स्थित ट्रैफिक ACP विजय दुबे के मकान को गुरुवार रात को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया और बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बताया जा रहा कि ACP विजय दुबे गुरुवार रात को VIP ड्यूटी पर तैनात थे और इसी दौरान चोरों ने उनके घर में चोरी की। चोर घर से 6 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात चुरा ले गए हैं। वारदात रात करीब 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ACP विजय दुबे ने कुछ महीने पहले 20 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया था। इसमें से 6 लाख रुपये बचे हुए थे जो कि घर पर रखे थे। इसके साथ ही परिवार के पुश्तैनी जेवर, भैया, भाभी और सालियों के जेवर भी घर पर ही रखे हुए थे। ये सभी जेवरात सोने-चांदी के थे, चोर 6 लाख रुपये नकद और सारे जेवरात चुरा कर ले गए हैं। ड्यूटी खत्म कर जब ACP विजय दुबे घर पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला और उन्होंने कोलार पुलिस थाने में सूचना दी। अधिकारी के घर चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर चोरों की तलाश में लगाई गई हैं।
बता दें कि कोलार इलाके में लगातार हो रही चोरियों से रहवासियों में भारी आक्रोश है। इस बड़ी वारदात से पहले भी इसी क्षेत्र में एक भाजपा नेत्री के घर चोरी हुई थी, जिसका खुलासा आज तक पुलिस नहीं कर पाई है। इसके अलावा कजलीखेड़ा क्षेत्र में हुई चोरी की दो अन्य वारदातों का भी पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा सकी है।