Heatwave Alert : मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने जा रहा है। विभाग ने 12 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में लू का अलर्ट जारी किया है। बीते 10 दिन से प्रदेश में आंधी बारिश का दौर जारी था।
Heatwave Alert : मध्य प्रदेश में मई महीने की शुरुआत से जारी तेज आंधी, गरज - चमक और बेमौसम बारिश के साथ ओलावृष्टि का दौर अब पूरी तरह थमने जा रहा है। राजधानी भोपाल में स्थित राज्य मौसम विभाग ने एक बार फिर पूरे राज्य में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। यही नहीं, आने वाली 12 मई से प्रदेश के बड़े हिस्से में हीट वेव (लू) चलने का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं का रुख बदलने के साथ साथ आसमान साफ होने के चलते प्रदेश में सूरज के तीखे तेवर दिखाई देने की संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि, राजधानी भोपाल और आर्थिक नगरी इंदौर समेत कई प्रमुख शहरों में आगामी 48 घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है।
प्रदेश में सबसे गर्म रतलाम
प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले 24 घंटों में रतलाम जिला का में तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, यहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यही नहीं, प्रदेश के अदिकतर जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के पार ही दर्ज किया गया है।
पश्चिमी जिलों में लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पश्चिमी मध्य प्रदेश के जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है। विभाग का कहना है कि 10 दिनों की राहत के बाद अब लोगों को तेज गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।
जनजीवन प्रभावित
वहीं, बात करें बीते 24 घंटों की तो प्रदेश के पूर्वी जिलों में मौसम बदला रहा। इनमें छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर और सिवनी में हल्की बारिश हुई। सिवनी, बैतूल, पांढुर्ना, डिंडोरी और अनूपपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से हवाएं चलीं। सागर, दमोह और नरसिंहपुर में धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम की ओर से प्राप्त ताजा अपडेट के अनुसार, बालाघाट जिले के मलाजखंड में 4.8 एमएम और उमरिया में 3.2 एमएम तक पानी गिरा।
12 से 4 बजे के बीच घर से न निकलने की अपील
तेजी से बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सीधे धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी या अन्य तरल पदार्थ पीने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
शहर -- अधिकतम -- न्यूनतम
भोपाल -- 41.0 -- 25.4
इंदौर -- 42.0 -- 25.1
ग्वालियर -- 38.6 -- 23.1
जबलपुर -- 39.2 -- 24.8
नोट -- (तापमान डिग्री सेल्सियस में लिखा गया है)