भोपाल

23-24 जनवरी को 10 जिलों में बारिश और कोहरे का अलर्ट, आज से इन इलाकों में छाएंगे बादल

Western Disturbance Effect : वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से आज एमपी के अधिकतर जिलों में बादल छाएंगे। साथ ही, उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी एमपी में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। बादलों के चलते न्यूनतम तापमान में थोड़ी और बढ़ोतरी होगी।
2 min read
Western Disturbance Effect
23-24 जनवरी को 10 जिलों में बारिश और कोहरे का अलर्ट (Photo Source- Patrika)

Western Disturbance Effect : एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ बुधवार रात से उत्तर-पश्चिमी भारत में सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बादल छाने की संभावना जताई गई है। इससे रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने से कड़ाके की ठंड से राहत तो मिलेगी पर कुछ क्षेत्रों में बारिश की भी संभावना है।

उधर, मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस मंदसौर में दर्ज हुआ, जबकि ग्वालियर में हल्का कोहरा छाया रहा, जिसके चलते पिछले सप्ताहभर के मुकाबले यहां तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, दिन का सबसे अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस तापमान खरगोन में रिकॉर्ड हुआ।

रात से सक्रीय हो रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, मौजूदा समय में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल और उसके आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद है। उत्तर भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 241 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। बुधवार रात से एक नया प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।

आखिरी सप्ताह में फिर शुरु होगा ठंड का दौर

ऐसे में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार रात से प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छा सकते हैं। वहीं, ग्वालियर-चंबल सभाग के साथ साथ करीब 10 जिलों में मावठी बारिश के साथ-साथ उत्तर और उत्तर-पूर्वी जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट होने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ते ही एक बार फिर रात तापमान में गिरावट होगी। यानी माह के आखिरी सप्ताह में एक बार फिर एमपी के अधिकतर इलाके कड़ाके की ठंड की चपेट में आ जाएंगे।

ग्वालियर अंचल में बदल रहा मौसम

जम्मू-कश्मीर में सक्रिय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिलहाल शहर में ठंड का प्रभाव कम है। सिर्फ सुबह व शाम के समय ठंडक बनी हुई है और दिन में तेज धूप खिलने के कारण लोगों को सर्दी से राहत मिल रही है। मंगलवार को भी तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी रही, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हुई।

Updated on:
21 Jan 2026 08:30 am
Published on:
21 Jan 2026 08:25 am