भोपाल

पश्चिमी विक्षोभ ने फिर बदला मौसम, मध्य प्रदेश में 18-19 फरवरी को होगी बारिश, IMD का येलो अलर्ट

Western Disturbance Yellow Alert : मौसम विभाग के अनुसार, आने वाली 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
less than 1 minute read
Western Disturbance Yellow Alert
18-19 फरवरी को बारिश (Photo Source- Patrika)

Western Disturbance Yellow Alert : एक तरफ जहां मध्य प्रदेश में इन दिनों तापमान में बढ़ोतरी के चलते ठंड से राहत मिलने लगी है तो वहीं अब एक बार फिर सक्रीय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य का मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाली 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, आगामी कुछ दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। फिलहाल, सूबे में गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है। ज्यादातर शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर है। मौजूदा समय में सिर्फ तड़के और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि कई क्षेत्रों में दिन में तीखी धूप का असर है, जो आगे भी लगातार बढ़ने की संभावना है।

किन जिलों में बारिश की संभावना?

बारिश का असर मुख्य रूप से राज्य के उत्तरी हिस्से यानी ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में दिखेगा। इनमें शामिल प्रमुख जिलों में ग्वालियर, श्योपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी शामिल हैं। इन जिलों में 18 और 19 फरवरी को हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। हालांकि, इन दिनों में प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बादल छाए रहने के साथ सुहावना मौसम बना रहने की संभावना है।

भोपाल, इंदौर और अन्य शहरों में क्या हाल?

प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन समेत मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बारिश की संभावना कम है। यहां मुख्य रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बूंदाबांदी नहीं होगी। तापमान में हल्की बढ़ोतरी से ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह-शाम की सर्दी बनी रहेगी।

Updated on:
15 Feb 2026 03:18 pm
Published on:
15 Feb 2026 09:42 am