भोपाल

भोपाल में 21 साल के युवक का दिनदहाड़े मर्डर, लिफ्ट लेकर पीछे बैठे दोस्त ने कर दिया फायर

Youth Murdered In Nishatpura Bhopal : भोपाल के निशातपुरा में युवक का दिनदहाड़े मर्डर, चलती बाइक पर दोस्त ने किया हमला
2 min read
Sep 20, 2026
भोपाल के निशातपुरा में युवक एकलास का मर्डर
भोपाल के निशातपुरा में युवक एकलास का मर्डर- image credit patrika

Bhopal News : भोपाल में एक युवक का दिनदहाड़े मर्डर कर दिया गया है। चलती बाइक पर उसपर हमला कर दिया जिससे सांसें थम गई। भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में यह घटना घटी। यहां की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में युवक के साथ उसके दोस्त ने ही इस वारदात को अंजाम दिया।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह यह वारदात हुई। एक युवक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा था। तभी उसके दोस्त ने गोली मार दी। इससे युवक बाइक सहित नीचे गिर पड़ा।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि निशातपुरा पुलिस ने मामले में एक संदेही को पकड़ लिया है। हालांकि हमलावर फरार हो गया है। पुलिस गोली मारने वाले की तलाश में जुटी है। मामले की गंभीरता देख पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह 8 बजे चलती बाइक पर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक का नाम एकलास उर्फ तासी है। उसकी उम्र 21 वर्ष बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक पर सवार तीसरे साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बाइक चला रहा था एकलास

एकलास सुबह घर से मछली पकड़ने जाने की बात कहकर निकला था। रास्ते में उसका परिचित आलिम मिला और उसने बाइक पर लिफ्ट मांगी। एकलास बाइक चला रहा था, जबकि आलिम पीछे बैठ गया। उनके साथ अय्यू भी बाइक पर सवार था। तीनों हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रास्ते से गुजर रहे थे, तभी पीछे बैठे आलिम ने एकलास पर फायर कर दिया। वारदात के बाद आलिम मौके से भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एकलास को अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी विवाद समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।

आरोपी आलिम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही पुलिस

वारदात के समय बाइक पर मौजूद अय्यू को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तीनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और वारदात की वजह क्या थी। पुलिस आरोपी आलिम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है।

Updated on:
20 Sept 2026 02:17 pm
Published on:
20 Sept 2026 12:03 pm