
BJP Worker Join Congress: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के दौरे के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार को विधायक विक्रम शाह मंडावी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर की मौजूदगी में भाजपा के करीब 50 कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया गया। इस घटनाक्रम के बाद जिले की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
कांग्रेस की ओर से दावा किया गया कि भाजपा के करीब 50 कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली है। विधायक विक्रम शाह मंडावी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर ने कांग्रेस में शामिल होने वाले लोगों का स्वागत किया। कांग्रेस की ओर से इसे भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका बताया जा रहा है। वहीं, भाजपा ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने कांग्रेस के इस दावे को झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के कांग्रेस में शामिल होने की बात कही जा रही है, वे भाजपा के कार्यकर्ता नहीं हैं। घासीराम नाग के मुताबिक, कुछ ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर विधायक विक्रम मंडावी के पास पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इसी दौरान इस पूरे घटनाक्रम को भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस प्रवेश के तौर पर प्रचारित किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने विधायक विक्रम मंडावी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के भ्रामक प्रचार का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठन है और पार्टी के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के साथ खड़े हैं। उनके मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताओं में किसी तरह की नाराजगी नहीं है।
50 लोगों के कांग्रेस में शामिल होने के दावे के बाद बीजापुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस इसे अपने पक्ष में बने माहौल के तौर पर पेश कर रही है, जबकि भाजपा इसे राजनीतिक प्रचार बता रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने कांग्रेस को सलाह देते हुए कहा कि जनता को भ्रमित करने के बजाय पार्टी को अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
घासीराम नाग ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जनता कांग्रेस की कथित सस्ती और भ्रामक राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। फिलहाल भाजपा और कांग्रेस के अलग-अलग दावों के बीच 50 लोगों के कांग्रेस प्रवेश का मुद्दा बीजापुर की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों दल इस घटनाक्रम को अपने-अपने तरीके से देख रहे हैं।