
बिजनौर शहर कोतवाली में आत्मदाह के प्रयास की घटना के पीछे तीन साल पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, 25 वर्षीय महिला रेसलर का एक फौजी से प्रेम संबंध था। आरोप है कि दोनों के बीच शादी की बात हुई थी, लेकिन बाद में युवक शादी से पीछे हट गया। इसके बाद मामला पुलिस और अदालत तक पहुंच गया।जानकारी के अनुसार, महिला रेसलर की करीब तीन वर्ष पहले बिजनौर निवासी फौजी सौरभ से सरस्वती विद्या मंदिर में मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि सौरभ ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया।इस मामले में युवती ने पहले सौरभ के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई थी। इसके बाद युवती ने दोबारा शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। हालांकि, आरोपी फौजी को हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश (स्टे) मिला हुआ है।बताया जा रहा है कि युवती लगातार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थी। रविवार दोपहर भी वह अपनी मां के साथ शहर कोतवाली पहुंची थी और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की थी। देर रात वह फिर कोतवाली पहुंची और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगी।पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब उसे बताया गया कि आरोपी को अदालत से राहत मिली हुई है और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही आगे कार्रवाई संभव है, तो वह नाराज हो गई। इसके बाद उसने कथित रूप से अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली।घटना के बाद पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवती पेट्रोल लेकर कोतवाली कैसे पहुंची और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं।
खबर अपडेट की जा रही है।