
बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक 7 साल के मासूम बच्चे की जान चली गई। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने बच्चे को पशुओं वाला इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
बिजनौर में मंडावर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कस्साबान की आयशा कॉलोनी निवासी गुलजार कुरैशी के बेटे रूहान की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। रूहान के पिता गुलजार और मां रेशमा ने बेटे की मौत के बाद अपने पड़ोसी गुलजार कुरैशी पर गंभीर आरोप लगाया है। दंपति ने पुलिस को तहरीर देकर अपने बेटे को पड़ोसी द्वारा जानवरों का इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है।
रूहान की मां रेशमा के अनुसार 21 जून की शाम उनकी बेटी मस्जिद से पढ़कर घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में अरमान कुरैशी ने उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर रेशमा और उनका 7 वर्षीय बेटा रूहान मौके पर पहुंचा। इस दौरान पप्पू कुरैशी और अल्लू कुरैशी भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट की। मारपीट के दौरान अरमान कुरैशी ने उनके बेटे रूहान को पशुओं को दिया जाने वाला इंजेक्शन लगा दिया।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार को रूहान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए, वहां गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने बच्चे को मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। मेरठ में इलाज के दौरान रूहान की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
सीओ सिटी, अभय कुमार पांडेय का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चे की मौत इंजेक्शन लगने से हुई या किसी अन्य कारण से। सीओ ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर जांच चल रही है। जांच में तथ्य सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से इंजेक्शन की सच्चाई सामने आएगी। इसी आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।