बिजनोर

शादी की खुशियां मातम में बदली, 40 फीट गहरी नहर में समाई बोलेरो, 6 दोस्तों की चीखें भी बाहर न आ सकीं!

Bijnor Accident: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में नजीबाबाद-हरिद्वार बाईपास पर देर रात शादी से लौट रही बोलेरो कार 40 फीट नीचे गंगनहर में गिर गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हैं।

2 min read
Feb 26, 2026
40 फीट गहरी नहर में समाई बोलेरो..

Bijnor Bolero Accident: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। नजीबाबाद-हरिद्वार बाईपास रोड पर समीपुर नहर के पास शादी समारोह से लौट रहे छह दोस्त बोलेरो कार में सवार होकर उत्तराखंड की ओर जा रहे थे। रात करीब दो बजे घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए लगभग 40 फीट नीचे गंगनहर में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के चारों दरवाजे उखड़ गए और वाहन के परखच्चे उड़ गए।

ये भी पढ़ें

डंपर की टक्कर से चलती कार बनी आग का गोला, मां-बेटे की जिंदा जलकर मौत; परिवार पर टूटा कहर

वाहन की हालत ने बढ़ाई दहशत

ऊंचाई से गिरने के कारण बोलेरो का बोनट अलग हो गया और गाड़ी का ढांचा बुरी तरह पिचक गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बोलेरो 7 फीट की ऊंचाई से सिमटकर महज 4 फीट जैसी दिखाई दे रही थी। नहर में गिरते ही कार पानी में धंस गई, जिससे अंदर फंसे युवकों की सांसें थमने लगीं। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों की मदद से निकाले गए घायल

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल सिंह और सीओ नीतेश प्रताप मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत नजीबाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। बाकी चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए AIIMS ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।

उत्तराखंड के दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सतीश (55) पुत्र किरनदास, निवासी मुनिकीरेती और सचिन (36) पुत्र अनूप कुमार, निवासी मानियावाला थाना अफजलगढ़ के रूप में हुई है। सतीश होटल लाइन में कार्यरत थे, जबकि सचिन पेशे से जेसीबी चालक थे। सचिन की शादी वर्ष 2017 में हुई थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

चार युवक जिंदगी की जंग लड़ रहे

हादसे में घायल हुए युवकों की पहचान विशाल कुमार, मोहित, नितिन विशाल और विशाल कश्मीरी के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को AIIMS ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।

रिश्तेदारी की शादी बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार सभी युवक उत्तराखंड से नजीबाबाद के मोहल्ला मकबरा में रिश्तेदार रवि के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। देर रात शादी से लौटते समय घना कोहरा छाया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक बोलेरो का संतुलन बिगड़ा और वह रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी।

जांच में सामने आए कारण

सीओ नजीबाबाद नीतेश प्रताप ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे की सटीक वजह सामने आ सके।

Also Read
View All

अगली खबर