
बिजनौर में कमिश्नर का एक्शन मोड..
Commissioner Visit Bijnor:मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त आनंजय कुमार अपने बिजनौर दौरे के दौरान मुबारकपुर तालन गांव पहुंचे और ग्राम चौपाल के माध्यम से विकास कार्यों की जमीनी हकीकत को परखा। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानी। इस दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे।
समग्र विद्यालय स्थित पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान कई रजिस्टर खाली पाए गए और कुछ रजिस्टर मानकों के अनुरूप पूर्ण नहीं थे। इस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जन्म-मृत्यु पंजिका, उपस्थिति पंजिका, टीकाकरण रजिस्टर और चल-अचल संपत्ति से संबंधित अभिलेखों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने विद्यालय में स्थित एस्ट्रोलॉजी लैब और पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से सवाल पूछकर उनकी शैक्षिक समझ का आकलन किया, जिनके अधिकांश जवाब संतोषजनक पाए गए। पुस्तकालय में पुरानी और नई किताबों को सुव्यवस्थित रूप से अलमारियों में रखा गया था, जिसे देखकर उन्होंने विद्यालय प्रशासन की सराहना की और बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने छोटे बच्चों से बातचीत की और वहां की व्यवस्थाओं को देखा। केंद्र आधुनिक सुविधाओं से लैस पाया गया, जहां एलईडी स्क्रीन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से बच्चों को अक्षर ज्ञान और प्रारंभिक शिक्षा दी जा रही थी। इस नवाचार की आयुक्त ने प्रशंसा की और अन्य केंद्रों में भी इसी मॉडल को अपनाने के निर्देश दिए।
विद्यालय परिसर में कृषि, समाज कल्याण और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों और अंत्योदय कार्ड धारकों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। साथ ही विधवा, दिव्यांग और निराश्रित पेंशन योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद आयुक्त ने गांव से वापसी के दौरान पानी और कीचड़ से भरी सड़क का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल सड़क निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं को नोट कर लिया गया है और उनका समाधान गुणवत्ता के साथ जल्द कराया जाएगा।
दोपहर बाद आयुक्त कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया। शाम पांच बजे समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने लंबित रेस्टोरेशन वादों के शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक मामले में दोनों पक्षों को समुचित अवसर दिया जाए और तथ्यों व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए।
आयुक्त ने अधिकारियों को चेताया कि न्यायिक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और आमजन को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Published on:
24 Feb 2026 08:33 pm
