Bijnor News: यूपी के बिजनौर में 25 वर्षीय कार मैकेनिक सागर सरदार उर्फ भोलेू का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
Love affair suicide case Bijnor: बिजनौर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव घासीवाला में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव शुक्रवार को गांव से कुछ दूरी पर ग्राम समाज की जमीन पर खड़े एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान सागर सरदार उर्फ भोलेू पुत्र कृष्ण सरदार के रूप में हुई है, जो पेशे से कार मैकेनिक था और बैराज रोड स्थित एक गैराज में काम करता था।
ग्रामीणों और पुलिस के अनुसार सागर का एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर गांव में काफी चर्चा हो रही थी। इसी विवाद के कारण दो दिन पहले गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी। पंचायत में ग्रामीणों और परिजनों ने युवक को समझाने की कोशिश की और इस संबंध को खत्म करने की सलाह दी थी। बताया जा रहा है कि पंचायत के बाद से ही युवक काफी तनाव में था।
मामले की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाल रामप्रताप और चौकी इंचार्ज तेजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक का महिला से संबंध होने की बात घर तक पहुंच चुकी थी, जिसके कारण परिवार में भी अक्सर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि संबंध उजागर होने के डर और सामाजिक दबाव के चलते युवक ने यह कदम उठाया हो सकता है।
हालांकि मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि घटना के पीछे कुछ और कारण हो सकते हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
सागर सरदार की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी, चार साल का बेटा और चार माह की मासूम बेटी है। इसके अलावा उसका एक भाई भी है। अचानक हुई इस घटना से गांव में भी शोक का माहौल है। एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।