बिजनोर

50 फीट ऊंची टंकी पर मौत: नमाज के लिए निकला युवक फंदे से लटका मिला, सुसाइड नोट ने खोले दर्द के राज

Bijnor News: बिजनौर में 26 वर्षीय युवक का शव 50 फीट ऊंची पानी की टंकी से लटका मिला। नमाज के लिए घर से निकले युवक के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें बीमारी और डिप्रेशन की वजह से आत्महत्या करने की बात सामने आई।

2 min read
Mar 31, 2026
नमाज के लिए निकला युवक फंदे से लटका मिला..

Bijnor Suicide News: यूपी के बिजनौर जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। 26 वर्षीय नवेद सोमवार शाम नमाज पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार वालों ने पहले खुद तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह अचानक सूचना मिली कि नगीना-काला खेड़ी मार्ग पर स्थित पानी की ऊंची टंकी पर एक युवक का शव लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान नवेद के रूप में की, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

ये भी पढ़ें

टोल बढ़ा, सुविधाएं ठप! दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जेब पर बोझ, यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे

गुमशुदगी से पहले ही मिला शव

परिजन जब युवक की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो पुलिस ने 24 घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। इसी बीच अगली सुबह युवक का शव मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद युवक को बचाया जा सकता था।

50 फीट ऊंची टंकी बनी चुनौती

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस को शव नीचे उतारने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा, क्योंकि पानी की टंकी करीब 50 फीट ऊंची थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद रस्सियों और सीढ़ी की मदद से शव को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

सुसाइड नोट में बीमारी और मानसिक तनाव का जिक्र

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने बीमारी और मानसिक तनाव के चलते यह कदम उठाया। सीओ डॉ. अंजनी कुमार ने बताया कि नोट में युवक ने अपनी इच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

दिल्ली में सीख रहा था काम, परिवार ने बताई हालत

परिजनों के अनुसार, नवेद दिल्ली में रहकर लाइट फिटिंग का काम सीख रहा था और 14 फरवरी को घर आया था। परिवार का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। चाचा शरीफउद्दीन ने बताया कि नवेद कुछ समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। इसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान भी रहने लगा था।

आखिरी कॉल के बाद बंद हुआ फोन

सोमवार शाम करीब 6:30 बजे नवेद की आखिरी बार घरवालों से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। रात करीब 10 बजे जब परिवार ने संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। इसके बाद से ही परिवार को अनहोनी की आशंका सताने लगी थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Also Read
View All

अगली खबर