बिजनोर

बिजनौर में CM योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर हमला, बोले- उन्हें जिन्ना पसंद, हमें गन्ना

CM Yogi: सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें जिन्ना पसंद है, हमें गन्ना। योगी ने दंगामुक्त यूपी और विकास कार्यों का दावा किया।
2 min read
Jul 17, 2026
up supplementary budget 2026 big announcements free bus travel paper leak
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो- ANI)

CM Yogi Adityanath In Bijnor: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में एक कार्यकम में सभा को संबोधन करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें (विपक्ष को) जिन्ना पसंद, हमें गन्ना पसंद है और इसीलिए हमारी सरकार ने किसानों के हित में गन्ने के दाम भी बढ़ाए हैं। सीएम योगी ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को दंगा, अपराध और माफिया से मुक्त बनाया है। उन्होंने कहा कि अब कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, श्रीराम नवमी और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजन बिना किसी रोक-टोक के धूमधाम से हो रहे हैं।

पहले त्योहारों पर रोक लगती थी- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारें अपराधियों पर कार्रवाई करने से बचती थीं। इसी वजह से कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, श्रीराम नवमी की शोभायात्रा और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाई जाती थी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। अपराधियों और माफिया पर नियंत्रण होने के कारण सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और पूरे उत्साह के साथ हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दंगा, अपराध, कर्फ्यू और माफिया से मुक्त होकर आगे बढ़ रहा है।

'कुछ लोग समाज को बांटने की राजनीति करते है'

सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग समाज को बांटने की राजनीति करते हैं और दलित समाज को हिंदू समाज से अलग करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने पहले की सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि उनके लिए बिजनौर अपशकुन था, क्योंकि वे स्वयं अपशकुन थे।

बिजनौर को मिली 1000 करोड़ की सौगात

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में एक हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बिजनौर के साहित्यकारों, वैज्ञानिकों और समाजसेवियों का जिक्र करते हुए जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को भी रेखांकित किया।

सीएम योगी ने किसानों का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिजनौर गन्ने की खेती के लिए पूरे प्रदेश में जाना जाता है। सरकार ने किसानों के हित में गन्ने का मूल्य बढ़ाया है और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। जिले में हाईवे, रेलवे और मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी को बिजनौर का विकास दिखाई नहीं देता, तो उसे जिले की बदली हुई तस्वीर देखनी चाहिए।

Updated on:
17 Jul 2026 05:44 pm
Published on:
17 Jul 2026 05:44 pm