बीकानेर

Bikaner: पीबीएम अस्पताल में एक और प्रसूता की मौत, डिलीवरी के बाद फेल हुई थी किडनी, अब तक 2 की गई जान

PBM Hospital: बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में किडनी संक्रमण से जूझ रही एक और प्रसूता की मौत हो गई है। इससे पहले इसी तरह की स्थिति में भर्ती दूसरी प्रसूता ने भी दो दिन पहले दम तोड़ दिया था।

2 min read
Jun 21, 2026
pbm hospital bikaner
पीबीएम अस्पताल। फाइल फोटो- पत्रिका

बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में भर्ती किडनी संक्रमित प्रसूता प्रीति के बाद रविवार को शारदा भी जिंदगी की जंग हार गई। उसके शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रसूता की मौत की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता पीबीएम अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा देने की मांग की। वहीं अस्पताल में किडनी संक्रमित दो अन्य प्रसूता अभी भी भर्ती हैं। लालगढ़ निवासी शारदा पत्नी राकेश नायक को तीन जून को पीबीएम के जनाना अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार जून को डिलीवरी हुई।

यह वीडियो भी देखें

उसी रात को तकीयत बिगड़ गई, उसे आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। प्रसूता की किडनी ने काम करना बंद कर दिया। पांच जून से वह 21 जून तक आईसीयू में भर्ती रही। रविवार को वह जिंदगी और मौत के बीच जद्दोजहद करते-करते आ​खिर हार गई। इससे पहले सूरतगढ़ निवासी प्रीति को 15 मई को नागौर से बीकानेर रेफर किया गया था। किडनी में संक्रमण होने की वजह से उसे 16 मई को आइसीयू में भर्ती किया गया। जहां वह एक माह से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थी। 19 जून की दाेपहर उसने दम तोड़ दिया था।

मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर से मौत

अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीसी घीया के अनुसार, मरीजों के इलाज के लिए हरसंभव प्रयास किए गए थे। प्रथम दृष्टया मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर महिला की मौत का कारण माना जा रहा है। किडनी के बाद अन्य अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया। इस कारण महिला को ऑक्सीजन सपोर्ट देने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि मामले में मृतका के परिजनों ने घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

यह है मामला

बता दें कि पीबीएम अस्पताल में गत एक माह में छह प्रसूताएं किडनी संक्रमित हुई थी। इस मामले में अस्पताल की लापरवाही सामने आने पर चिकित्सा राज्य मंत्री ने भी अस्पताल का दौरा किया था। जोधपुर से आए छह चिकित्सकों की टीम ने मामले की गहराई से जांच की थी। छह में से दो प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। दो अन्य प्रसूताएं इमरती व कमला अस्पताल में भर्ती है।

सभी महिलाओं को आईसीयू में भर्ती कर डायलिसिस पर रखा गया था। उस दौरान 20 साल की प्रीति की हालत गंभीर बनी हुई थी। इन महिलाओं में यूरिन रुकना, प्लेटलेट्स गिरना और किडनी फेल होने जैसे गंभीर लक्षण सामने आए थे। सभी महिलाओं की उम्र 20 से 27 साल के बीच बताई जा रही है। मामले के बाद अस्पताल प्रशासन और मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की थी।

Published on:
21 Jun 2026 08:02 pm