
बीकानेर। पांचू थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े सीएमएस कंपनी की कैश वैन से 50 लाख रुपए से अधिक की नकदी लूट ली गई। साधुना-सारुडा मार्ग पर कैंपर में सवार होकर आए चार हथियारबंद बदमाशों ने कैश वैन को रुकवाकर कर्मचारियों को धमकाया और कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। घटना के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कैश वैन विभिन्न बैंक शाखाओं में नकदी पहुंचाने के लिए निकली थी। इसी दौरान साधुना और सारुडा गांव के बीच पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। हथियारों के बल पर कर्मचारियों को अपने कब्जे में लेकर कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार लूटी गई राशि का आधिकारिक सत्यापन अभी किया जा रहा है, हालांकि प्रारंभिक अनुमान 50 लाख रुपए से अधिक का बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही नोखा वृत्ताधिकारी जरनैल सिंह तथा पांचू थानाधिकारी ईश्वरप्रसाद जांगिड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कराई गई। संभावित मार्गों पर विशेष टीमें रवाना की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैश वैन में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। इसी का फायदा उठाकर बदमाश बेहद कम समय में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस सुरक्षा संबंधी पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के बाद बैंकिंग संस्थानों के साथ आम लोगों में भी चिंता का माहौल है।
कैश वैन की सुरक्षा के लिए हथियाबंद गार्ड भी साथ थे। इसके बावजूद उन्होंने बचाव के कोई प्रयास नहीं किए। इन हालात में वारदात पर संदेह गहरा रहा है। पुलिस वैन में शामिल सभी स्टाफ से अलग-अलग पूछताछ कर रही है।
'सीएमएस कंपनी बैंकों से कैश ट्रांसफर का काम करती है। पांचू के पास कैश वैन से 50 लाख की लूट हुई है। वारदात को अंजाम देने वाले नागौर-फलौदी के हो सकते हैं। खुलासा करने एवं बदमाशों की धरपकड़ के लिए नौ टीमों का गठन किया गया है।' -मृदुल कच्छावा, पुलिस अधीक्षक