
बीकानेर। शहर के ज्वैलरी कारोबारी कमल कुमार सोनी (56) की बुधवार देर रात जोड़बीड रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे ट्रेन की चपेट में आने की घटना मान रही है, वहीं परिजनों ने साजिश के तहत हत्या की आशंका जताई है। मामले में लाखों रुपए के सोने के लेन-देन का विवाद भी सामने आ रहा है। गुरुवार सुबह घटना का पता चलने के बाद पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और स्वर्णकार समाज के लोगों ने धरना-प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
जेल रोड निवासी कमल कुमार सोनी बुधवार सुबह करीब 10 बजे रोजाना की तरह घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार, वह किसी जरूरी काम से जाने की बात कहकर निकले थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने परिचितों, रिश्तेदारों और कारोबार से जुड़े लोगों से संपर्क किया, लेकिन उनका पता नहीं चला। रात करीब 11 बजे व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने परिजनों को जोड़बीड मार्ग के पास रेलवे ट्रैक पर शव मिला। परिजन पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे, जहां शव की पहचान कमल कुमार सोनी के रूप में हुई। शव की परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने सामान्य रेल हादसा होने पर संदेह जताया और हत्या की आशंका जताई।
मामले में सोने के लेन-देन का विवाद जांच का अहम पहलू है। परिजनों के मुताबिक बी. सेठिया गली निवासी कैलाश सोनी ने कुछ महीने पहले कमल कुमार सोनी से कारोबार के सिलसिले में लाखों रुपए कीमत का सोना लिया था। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने न तो सोना लौटाया और न ही उसकी कीमत चुकाई।
परिजनों के मुताबिक, कमल कुमार पिछले कई दिनों से सोना या उसकी कीमत वापस लेने के लिए संबंधित व्यक्ति के घर जा रहे थे। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के चलते उनकी हत्या की साजिश रची गई। हालांकि, लेन-देन के विवाद और मौत के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों ने कमल कुमार सोनी की मौत को आत्महत्या या सामान्य हादसा मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि कमल कुमार का कारोबार अच्छा चल रहा था और परिवार में भी किसी तरह की कलह नहीं थी। ऐसे में उनकी मौत को लेकर कई सवाल हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। मृतक के बेटे अजय कुमार सोनी ने व्यास कॉलोनी थाने में लिखित रिपोर्ट देकर हत्या की आशंका जताई और मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने मृतक के बेटे की रिपोर्ट के आधार कैलाश सोनी व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमल कुमार सोनी की मौत के बाद गुरुवार सुबह पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर स्वर्णकार समाज और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों और समाज के लोगों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना सीआई देवेन्द्र सिंह ने बताया कि बुधवार रात जोड़बीड फाटक के पास एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी भिजवाया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दी है, जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सोने के लेन-देन सहित सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। रेलवे ट्रैक के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संबंधित संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की तैयारी भी की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।