बीकानेर

बीकानेर सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, मासूम समेत 2 की मौत, सेवादारों ने निकाले शव

Rajasthan Road Accident: बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में देर रात ट्रक और कार की टक्कर में 19 वर्षीय युवती और 12 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए।
2 min read
Sep 17, 2026
bikaner road accident
हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार (Photo-Patrika)

बीकानेर. श्रीडूंगरगढ़ में बीकानेर की ओर हाईवे पर देर रात तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार 19 वर्षीय निशा और 12 वर्षीय मासूम (विकास कुमार) की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों के शव उसमें फंस गए। बाद में एपीजे कलाम सोसायटी के सेवादारों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।

साहवा से बीकानेर जा रहे थे छह लोग

जानकारी के अनुसार चूरू जिले के तारानगर क्षेत्र के साहवा निवासी छह लोग 16 सितंबर की रात करीब 9 बजे कार से कालीनाडी, राववाला, बीकानेर जा रहे थे। कार कपिल कुमार नाम का व्यक्ति चला रहा था। रात करीब एक बजे श्रीडूंगरगढ़ से लगभग तीन किलोमीटर आगे बीकानेर की तरफ सीजराल होटल के पास यह हादसा हुआ।

बताया गया कि सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। निशा और विकास के अलावा कार में सवार कपिल कुमार, राजबाला, सुनील और सतवीर घायल हो गए।

क्षतिग्रस्त कार में फंसे थे शव

टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। एपीजे कलाम सोसायटी के सेवादारों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला। सेवादार इमरान छींपा, तालिब राईन गुर्जर, रोशन अली और अमीर खान सहित अन्य लोगों ने राहत कार्य में सहयोग किया। इसके बाद शवों और घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

टक्कर के बाद ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद टक्कर मारने वाला कंटेनर चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर रात में एएसआई भंवरू खान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों का श्रीडूंगरगढ़ सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए। घटना को लेकर अशोक कुमार निवासी साहवा, तारानगर ने 17 सितंबर को पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

Updated on:
17 Sept 2026 02:33 pm
Published on:
17 Sept 2026 02:33 pm