
बीकानेर। सुरजनवाली के चक एक एआरएम में गुरुवार दोपहर तक जहां लोगों की हंसी-ठिठौली गूंज रही थी, वहीं कुछ ही मिनटों बाद पूरा इलाका मातम में डूब गया। रिश्ते के विवाद में हुए तिहरे हत्याकांड ने न केवल तीन लोगों की जान ले ली, बल्कि तीन परिवारों की खुशियां भी छीन लीं। चक एक एआरएम और चक चार एआरएम में हर ओर चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा रहा। जिंदू खां, उनके बेटे करीम खां और साले अलीशेर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन उस पल को कोस रहे है, जब जिंदू खां अपने बेटे के साथ घर से निकले थे। रुंधे गले से वे सिर्फ इतना कह रहे थे कि काश वे वहां नहीं जाते तो जिंदा होते। पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोगों के चेहरे पर इस दर्दनाक घटना की टीस साफ दिखाई दे रही है। तिहरे हत्याकांड के बाद चक एक एआरएम, चक चार एआरएम और आसपास की ढाणियों में शोक का माहौल रहा। कई घरों में गुरुवार को चूल्हे तक नहीं जले। ग्रामीण पूरे दिन घटना को लेकर अफसोस जताते रहे और कहते रहे कि आखिर रिश्ते की रंजिश में अपने ही लोग एक-दूसरे के खून के प्यासे कैसे बन गए।
मृतक अलीशेर के बेटे रफीक खां ने गुलाब नबी, याकूब अली, बरकत अली, नूर मोहम्मद, अकरम, रहमत अली, माशुक, अल्ताफ, सिकंदर तथा चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
परिवादी ने रिपोर्ट में आरोपी अकरम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट के अनुसार अकरम छतरगढ़ में मौलाना है और उसने कम समय में करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। उस पर गैरकानूनी तरीके से विदेशी राशि प्राप्त करने तथा पूरे घटनाक्रम का मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार जिंदू खां गुरुवार सुबह करीब दस बजे अपने बेटे करीम खां के साथ चक चार एआरएम में रिश्तेदार मारम खां की तबीयत पूछने पहुंचे थे। करीब ढाई घंटे बाद दोनों पर हमला कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे जिंदू खां के साले अलीशेर को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। हमले में नब्बू खां घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। देर रात भारी गमगीन माहौल में तीनों को सुपुर्दे खाक किया गया। किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहा।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि रिश्ता नहीं करने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था। गुरुवार को एक पक्ष ने धारदार हथियारों से हमला कर तीन लोगों की हत्या कर दी। मामले में चार आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है, जबकि तीन मुख्य आरोपी फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही है।