
बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर में सोमवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पहले हादसे में देशनोक ओरण परिक्रमा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकरा गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। वहीं, दूसरे हादसे में जयपुर-श्रीगंगानगर बाइपास पर सड़क पार कर रहे एक राहगीर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
पहला हादसा मुंझासर और जयसिंहदेसर के बीच हुआ। देशनोक ओरण परिक्रमा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार देर रात सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो जनों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। दुर्घटना पांचू थाना क्षेत्र में मुंझासर और जयसिंहदेसर के बीच हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के अनुसार मुंझासर निवासी आवड़दान, भगवानदान, भरतदान, विश्वजीतदान और हीरालाल नायक सोमवार रात कार से देशनोक ओरण परिक्रमा के लिए रवाना हुए थे। मुंझासर और जयसिंहदेसर के बीच अचानक सड़क पर गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार आवड़दान, भगवानदान और हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। यह कार में फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं, कार सवार भरतदान और विश्वजीतदान को मामूली चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायलों को वाहनों से पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने आवड़दान और भगवानदान को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतकों के परिजनों को जानकारी दी। देर रात मृतकों के रिश्तेदार महेशदान भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
इधर, जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पैदल राहगीर की मौत हो गई। हादसा जयपुर-श्रीगंगानगर बाइपास सर्किल के पास स्थित पराठा होटल के नजदीक हुआ। मृतक की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात एक व्यक्ति बाइपास पर पराठा होटल के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है।