बीकानेर

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव: कांग्रेस ने निकिता डूडी को बनाया उम्मीदवार, सरिता ने भी भरा नामांकन, पार्टी में मची खलबली

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव के लिए पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल की बेटी और जिला परिषद सदस्य सरिता चौहान ने भी नामांकन दाखिल कर सबको चौंका दिया है, जिससे कांग्रेस में खलबली मच गई है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 11:40 AM IST
Sarita Meghwal and Nikita Dudi
सरिता मेघवाल और निकिता डूडी। फोटो: पत्रिका

राजस्थान के बीकानेर जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर कांग्रेस की अंदरूनी सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष रहे दिग्गज कांग्रेस नेता स्व. रामेश्वर डूडी व नोखा विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी को बीकानेर जिला प्रमुख पद के लिए पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। इसी बीच पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल की बेटी और जिला परिषद सदस्य सरिता चौहान ने भी नामांकन दाखिल कर सबको चौंका दिया है, जिससे कांग्रेस में खलबली मच गई है।

हांलाकि पर्यवेक्षक कुलदीप इंदौरा, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग सहित तमाम नेता पूरी कांग्रेस एक होने की बात कह रहे हैं। कांग्रेस में डूडी और मेघवाल खेमों की खींचतान खुलकर सामने आने के बाद अब सबकी नजर सरिता चौहान के अगले कदम पर टिकी है। देखना होगा वे अपना नामांकन वापस लेती हैं या चुनावी मैदान में डटी रहेंगी।

बीकानेर ने धापू कंवर को बनाया प्रत्याशी

बीकानेर से भाजपा ने धापू कंवर को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। वहीं संतोष ने भी नामांकन किया है। भाजपा से दो नामांकन धापू देवी और संतोष की ओर से दाखिल किए गए हैं। हालांकि नंबर गेम में भाजपा बहुत पीछे है। बीकानेर से कांग्रेस ने 30, भाजपा ने 8, आरएलपी ने 2 और माकपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है।

दोपहर एक बजे तक साफ होगी तस्वीर

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव के लिए दोपहर एक बजे नाम वापसी का समय पूरा होने के साथ ही चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी। यदि एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहे, तो दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके तुरंत बाद मतगणना होगी और शाम को परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला परिषद परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। परिसर के बाहर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।