
बीकानेर। नगर निगम के चुनाव में मतदान के दौरान शहर के वार्ड 45 में पश्विम सीट से विधायक जेठानंद व्यास ने आपा खो दिया। मतदान दल कार्मिक की टिप्प्णी से नाराज विधायक जेठानंद व्यास अपनी गाड़ी से उतर कर उनके पीछे भागे। इस दौरान वहां तनाव की स्थिति हो गई। हालांकि मौजूद लोगों ने मामले को संभाला और विधायक को पकड़ कर वापस गाड़ी तक लाए। विधायक व्यास ने बदसलूकी आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर से शिकायत की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामला मतदान केन्द्र के आगे गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ। मतदान कार्मिक ने इस पर आपत्ति जताई। बताया जा रहा है कि इस दौरान कार्मिक ने कोई टिप्पणी कर दी। इससे विधायक नाराज हो गए और उसी टिप्प्णी को दोहराते हुए आपा खोकर कार से उतरे और कार्मिक के पीछे भागे।
मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक को रोक लिया। इसके बाद अन्य अधिकारियों और लोगों ने समझाइश कर मामला शांत कराया। कुछ देर बाद विधायक वहां से रवाना हो गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बीकानेर में शहर की सरकार चुनने के लिए बुधवार को नगर निगम चुनाव हुआ। निगम के 79 वार्ड पार्षदों के निर्वाचन के लिए हुआ मतदान शांतिपूर्ण रहा। शाम 6 बजे तक 68.91 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। हालांकि इस दौरान कुछ बूथों पर शाम 6 बजे बाद तक मतदान चलता रहा। नगर निगम चुनाव को लेकर सुबह मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ होते ही मतदान बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई। इस दौरान अपने जीवन का पहल मतदान कर रहे और युवा मतदातओं में मतदान को लेकर अधिक उत्साह नजर आया। मतदान की प्रक्रिया के दौरान सुबह 10 बजे तक जहां कुछ बूथों पर मतदाताओं की भीड़ रही, वहीं कुछ मतदान केंद्रों पर धीमी गति से मतदान चलता रहा। सुबह 10 बजे तक नगर निगम क्षेत्र में कुल 20.84 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 44.31 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 56.74 प्रतिशत और शाम 6 बजे तक 68.91 प्रतिशत मतदान हुआ। सभी मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया पूर्ण होने पर अंतिम मतदान प्रतिशत सामने आ सकेगा।
बीकानेर नगर निगम चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने किसमीदेसर क्षेत्र में, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने जुगल भवन मतदान केंद्र में, विधायक सिद्धि कुमारी ने उरमूल डेयरी परिसर मतदान केंद्र में और कांग्रेस नेता डॉ. बी डी कल्ला ने डागा चौक महेश भवन में मतदान किया।
नगर निगम चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में बुजुर्ग मतदाताओं ने वृद्धावस्था और बीमार होने की िस्थति के बावजूद अपने परिवारजनों के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और मताधिकार का उपयोग किया। वहीं अनेक बीमार और दिव्यांगजन व्हील चेयर पर मतदान केंद्रों में पहुंचे व मतदान किया। नगर निगम चुनाव में वार्ड संख्या 73 में कांग्रेस की ओर से अनिल कल्ला और भाजपा की ओर से दीपक पारीक चुनाव मैदान में रहे। मतदान के दौरान एक समय दोनों उम्मीदवार मतदान केंद्र में एक समय पहुंचे। दोनो ने चुनावी प्रतिद्वंदिता को दरकिनार एक दूसरे से सौहार्दपूर्ण तरीके से मिले।
नगर निगम चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना सामने आई। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के जनेश्वर भवन भाग संख्या एक में मतदान केंद्र में मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे ईवीएम खराब होने के कारण शुरु नहीं हो सकी। यहां सुबह 9.11 बजे मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। तीन और मतदान केंद्रों में ईवीएम खराब होने की शिकायत सामने आई। वहीं कुछ मतदान केंद्रों में मतदान कर आए मतदाताओं ने बताया कि ईवीएम बहुत धीमी चल रही है। बीप की आवाज सुनाई नहीं दी।
बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में 80 वार्ड है। एक वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। बुधवार को निगम क्षेत्र के 79 वार्डों में मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही 79 वार्डों में चुनाव मैदान में उतरे 373 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। मतगणना 14 सितंबर को होगी।