बीकानेर

Bikaner: कलक्ट्रेट में हंगामा करने वाले 150 लोगों पर केस दर्ज, प्रदेश कांग्रेस सचिव रामनिवास कुकणा सहित 11 गिरफ्तार

Bikaner News: कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी और बेरीकेटिंग गिराने के मामले में प्रदेश कांग्रेस सचिव रामनिवास कुकणा समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
less than 1 minute read
Oct 09, 2025
Bikaner-News
कलक्ट्रेट में कांग्रेस का प्रदर्शन। फोटो: पत्रिका

Bikaner News: बीकानेर शहर के एक निजी अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में टकराव के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं समेत करीब 150 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सदर थानाधिकारी दिगपाल सिंह की रिपोर्ट पर दर्ज इस प्रकरण में उग्र प्रदर्शन करने, तोड़फोड़ एवं राजकार्य बाधा डालने के आरोप लगाए गए है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश कांग्रेस सचिव रामनिवास कुकणा के उकसाने से कृष्ण गोदारा, हरिराम, आत्माराम तर्ड, राजेंद्र मेघवाल, प्रफूल कुमार हटीला, लक्ष्मण गोदारा, बजरंग कुकणा, दिनेश कुकणा, पंकज रीटोड, रोहित बाना, जयप्रकाश डूडी सहित करीब 150 लोगों ने तोड़फोड़ की और राजकार्य बाधित किया।

11 लोग गिरफ्तार

सदर थाना अधिकारी ने बताया कि एनएसयूआइ नेता रामनिवास कुकणा समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोपियों में गणेश जाट, राजेन्द्र गोदारा, राजेन्द्र राजनट, मदनलाल तर्ड, कृष्ण गोदारा, हरिराम गोदारा, मुनीराम जाट, मुकेश जाट, रामलाल जाट, अनिल मेघवाल शामिल हैं।

ये है पूरा मामला

गौरतलब है कि हनुमानगढ़ के रहने वाले रामेश्वर लाल को बीकानेर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान 12 सितम्बर को रामेश्वर की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल में विरोध—प्रदर्शन किया। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट में डॉक्टरों को क्लीन चिट मिलने पर कांग्रेस नेता भड़क गए और मंगलवार को कलक्ट्रेट में उग्र प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने पथराव तक कर दिया था। ऐसे में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। इस मामले में अब पुलिस ने हंगामा करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

Updated on:
09 Oct 2025 08:07 am
Published on:
09 Oct 2025 08:03 am