बीकानेर

Rajasthan: भाजपा नेताओं से वसुंधरा राजे का वादा, कहा- गोचर पुरानी धरोहर, मुख्यमंंत्री से बात करने मैं साथ चलूंगी

बीडीए की ओर से गोचर भूमि के अधिग्रहण के मसले पर पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि गोचर तो बहुत पुरानी धरोहर है। इसे बचाना जरूरी है।
2 min read
Oct 09, 2025
Vasundhara Raje
पूर्व मुख्यमंत्री राजे को गोचर प्रकरण के बारे में जानकारी देते हुए। फोटो- पत्रिका

बीकानेर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से गुरुवार को नाल एयरपोर्ट पर वरिष्ठ भाजपा नेता देवीसिंह भाटी, विधायक जेठानंद व्यास, शिव गहलोत सहित प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। बीडीए की ओर से गोचर भूमि के अधिग्रहण के मसले पर पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि गोचर तो बहुत पुरानी धरोहर है। इसे बचाना जरूरी है। आप सभी के साथ मैं भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बात करने चलूंगी।

इससे पहले भाटी ने अवगत कराया कि पूरा जिला गोचर-ओरण भूमि के अधिग्रहण का विरोध कर रहा है। बीडीए फिर भी जबरन अधिग्रहण करने पर अड़ा हुआ है। सीएमओ ने दो बार रिपोर्ट मांग ली, लेकिन अधिकारी सही रिपोर्ट नहीं भेज रहे हैं। भाटी ने कहा कि उन्होंने पूरा जीवन गोचर बचाने में समर्पित कर दिया। आज अधिकारी उनके लिए कहते हैं कि गोचर पर कब्जा कर रहे हैं। गोचर बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधि साधु-संतों के साथ प्रशासन के पास गोचर अधिग्रहण के खिलाफ ज्ञापन देने गए, तो जवाब मिला कि कितनी भी आपत्तियां दो, सभी को खारिज करेंगे।

यह सुझाया राजे ने

राजे ने कहा कि विधायकों, सरपंचों और जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों से बात करनी चाहिए। इस पर विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि उनके सहित चार विधायक लिखित में मास्टर प्लान पर आपत्ति दे चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने आश्वासन दिया कि वह खुद उनके साथ मुख्यमंत्री से बात करने जाएंगी।

डूडी और कल्ला के निवास पर पहुंचीं पूर्व सीएम

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नाल एयरपोर्ट से कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी के वैद्य मघाराम कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचीं। यहां विधायक सुशीला डूडी और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर रामेश्वर डूडी के निधन पर शोक-संवेदना प्रगट की। राजे ने कहा कि जब मुख्यमंत्री थीं, तब डूडी नेता प्रतिपक्ष थे। कई बार नोकझोंक भी हुई, लेकिन उन्होंने कभी इसे मन में नहीं रखा।

इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री राजे डागा चौक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. बीडी कल्ला के निवास पर पहुंचीं और जनार्दन कल्ला की पत्नी के निधन पर शोक जताया। बाद में लालगढ़ पैलेस में राजे ने स्थानीय नेताओं से मुलाकात की और सड़क मार्ग से जयपुर के लिए प्रस्थान किया।

यह वीडियो भी देखें

अगवानी में एयरपोर्ट पर जुटी भीड़

पूर्व मुख्यमंत्री राजे सुबह 11.15 बजे दिल्ली से बीकानेर दैनिक फ्लाइट से आईं। उनकी अगवानी करने समर्थक, भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी। इस दौरान विधायक डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल, भाजपा नेता महावीर रांका, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ आदि भी पहुंचे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और वसुंधरा राजे की भी मुलाकात हुई।

Updated on:
09 Oct 2025 07:04 pm
Published on:
09 Oct 2025 07:04 pm