बीकानेर

Rajasthan History Sheeter Murder: राजस्थान में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर की हत्या, पिता की हत्या का बदला लेने की आशंका

Bikaner History Sheeter Murder: राजस्थान के बीकानेर जिले में दो आपराधिक गुटों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। नापासर थाना क्षेत्र के गुसाईंसर में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी रामस्वरूप निंबड़िया की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 10:41 AM IST
Ramswaroop Nimbadiya Murder
ट्रोमा सेंटर के बाहर मृतक के परिजन व रि​श्तेदार व इनसेट में हिस्ट्रीशीटर रामस्वरूप निंबड़िया। फोटो: पत्रिका

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में दो आपराधिक गुटों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। नापासर थाना क्षेत्र के गुसाईंसर में शनिवार को कुख्यात हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी रामस्वरूप निंबड़िया की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या का आरोप तेजरासर निवासी हिस्ट्रीशीटर रामस्वरूप गाट के गुट पर लगा है। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि गुसाईंसर निवासी रामस्वरूप निंबड़िया पुत्र अर्जुनराम जाट के साथ पांच-सात जनों ने लाठियों से मारपीट की। उसके सिर और सीने पर गंभीर चोटें लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात शनिवार दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे दोनों गुटों की पुरानी रंजिश सामने आई है।

पिता की हत्या का बदला लेने की आशंका

पुलिस के मुताबिक रामस्वरूप निंबड़िया और रामस्वरूप गाट के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी। बताया जा रहा है कि पूर्व में रामस्वरूप निंबड़िया और गोपाल जाखड़ पर रामस्वरूप गाट के पिता की हत्या करने का आरोप लगा था। उस दौरान गाट के ताऊ के साथ भी मारपीट की गई थी, लेकिन उनकी जान बच गई थी। इसके बाद से दोनों गुटों के बीच दुश्मनी और गहरा गई थी। अब निंबड़िया की हत्या को उसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद होगा।

निंबड़िया के खिलाफ 18 से 20 मुकदमे

मृतक रामस्वरूप निंबड़िया नापासर थाने का हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी था। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न पुलिस थानों में करीब 18 से 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। कुछ समय पहले जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने उसे हथियारों की सप्लाई के मामले में गिरफ्तार किया था।

गाट भी हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी

हत्या में रामस्वरूप गाट और उसके साथी शामिल है। रामस्वरूप गाट भी हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कुछ समय पहले जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने रामस्वरूप गाट को फर्जी नोटों के मामले में गिरफ्तार किया था। यह हाल ही में जमानत पर छूटा था।

दोनों गुटों में आपसी रंजिश, आरोपियों की पहचान

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि आरोपी रामस्वरूप गाट और मृतक रामस्वरूप निंबडि़या के बीच में आपसी दुश्मनी चल रही है। इसी के चलते शनिवार को वारदात को अंजाम दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रामस्वरूप गाट व उसके साथी ने निंबडिया पर हमला किया। हमले में आरोपी गुट के दो जने भी घायल हुए हैं, जिन्हें उनके साथी निजी अस्पताल लेकर गए थे, वहां पूछताछ करने पर वे वहां से फरार हो गए। वारदात में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए गंगाशहर सीओ प्रहलादराय के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गई है। बीकानेर संभाग व नागौर के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को चेक करवा रहे हैं। अगर आरोपी वहां इलाज कराने पहुंचे तो उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

दो हिस्ट्रीशीटरों की अदावत, एक की गई जान

दोनों हिस्ट्रीशीटरों के बीच लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी ने अब खूनी रूप ले लिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने आपराधिक गुटों की गतिविधियों और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस वारदात में रामस्वरूप गाट गुट की भूमिका की जांच कर रही है।