
Bikaner News: बीकानेर जिले के महाजन थाना क्षेत्र अंतर्गत बडेरण गांव में सोमवार को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया। जहां पानी के जोहड़ (कुंड) में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान बडेरण गांव के निवासी सावंतराम मेघवाल और उनकी पत्नी सुलोचना के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही महाजन थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को पानी के कुंड से बाहर निकाला।
महाजन थानाधिकारी भजनलाल लावा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटना स्थल पर रवाना कर दिया गया था। फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवा दिया है।
थानाधिकारी ने आगे बताया कि मृतका सुलोचना के पीहर पक्ष को इस हादसे की सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। सांवतराम के बड़े भाई राजू मेघवाल और सुलोचना के चाचा की रिपोर्ट पर पुलिस ने अलग-अलग मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है। परिजनों ने बताया कि दोनों का विवाह 7 मई को हुआ था। शादी के महज ढाई महीने बाद हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर है।
यह हादसा क्षेत्र में पानी के कुंडों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महज तीन महीनों में पानी के कुंड में डूबने से करीब डेढ़ दर्जन (18) लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिनमें मासूम नौनिहाल भी शामिल हैं। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं से स्थानीय निवासियों में गहरा दुख और चिंता व्याप्त है।