
बीकानेर। तृतीय श्रेणी शिक्षकों के लंबे समय से प्रतीक्षित तबादलों को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि जनवरी में तबादला नीति तैयार कर राजस्थान में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण किए जाएंगे। जयपुर में प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों से किए गए वादे पर भजनलाल सरकार कायम है और उसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। साथ ही शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बीकानेर में पत्रिका से बातचीत में कहा कि व्याख्याता, प्राचार्य, उप प्राचार्य और द्वितीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले किए जा चुके हैं। तबादलों के बाद प्राप्त परिवेदनाओं का भी निस्तारण किया गया है। अब तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए पहले स्पष्ट नीति तैयार की जाएगी।
दिलावर ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद शीघ्र भरे जाएंगे। करीब 50 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू होने वाली है। उन्होंने कहा कि विभिन्न श्रेणियों के करीब 1.50 लाख शिक्षकों के पद रिक्त हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्कूलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर हो सकेगी।
शिक्षा मंत्री ने प्रदेश में स्कूल भवनों की स्थिति पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि करीब 3600 स्कूल भवन जर्जर हालत में हैं। इनमें कहीं एक तो कहीं तीन-चार कमरे क्षतिग्रस्त थे, जिन्हें जमींदोज कराया गया है। अब पूरी तरह जर्जर स्कूल भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही 84 हजार कक्षा-कक्षों की मरम्मत भी कराई जाएगी।
दिलावर ने कहा कि पहली बार बोर्ड की मेरिट में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। उन्होंने इसका श्रेय सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की मेहनत और समर्पण को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रयासों से सरकारी स्कूलों के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों का भरोसा बढ़ा है। बीकानेर पहुंचने पर सर्किट हाउस में भाजपा नेता बनवारीलाल शर्मा, शिवलाल तेजी सहित अन्य ने शिक्षा मंत्री का स्वागत किया।