बीकानेर

पंजाब में लिव इन में रह रहे थे राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर धमाका करने वाले आतंकी, 81 लाख मोबाइल नंबर खंगाले, तब खुला राज

Rajasthan Railway Track Blast: रेलवे ट्रेक विस्फोट के मामले में केन्द्रीय एजेंसियों को पंजाब पुलिस के बर्खास्त सिपाही कुलदीप की लीड मिली है। गंगानगर और गुरुदासपुर पुलिस ने सूचना पुख्ता करने के लिए 81 लाख मोबाइल नंबरों की जांच की।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 7:45 AM IST
Davinder Singh-Mahakdeep Kaur
दविंदर सिंह-महकदीप कौर। फोटो: पत्रिका

बीकानेरश्रीगंगानगर। रामसिंहपुर के पास रेलवे ट्रैक पर धमाके में आतंकी वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस और केन्द्रीय आईबी को धमाके के तार पंजाब के गुरुदासपुर में मिले हैं। पुलिस ने धमाके के दो मुख्य आरोपियों को पंजाब के गुरदासपुर से शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा इनका सहयोग करने वाले तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें छापे मार रही है। गिरफ्तार आरोपी दविंदर सिंह गुरदासपुर जिले के चौरा कलां गांव का रहने वाला है। उसकी पार्टनर महकदीप कौर गुरदासपुर जिले के दोस्तपुर गांव की निवासी है।

पुलिस अभी यह पता नहीं कर पाई है कि आतंकियों का उद्देश्य ट्रेन को उड़ाना था या महज दहशत फैलाना था। हालांकि मौके पर मिले सबूत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। आइपीएस नितिन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम पंजाब से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर श्रीगंगानगर रवाना हो गई। उन्हें रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। रेंज आईजी ओमप्रकाश ने रामसिंहपुर थाने में डेरा डाल रखा है। संयुक्त कार्रवाई में एडीजी दिनेश एमएन, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा और एएसपी सुरेंद्र सिंह की भूमिका रही।

वारदात से पहले दोनों स्थानीय होटल में रुके

पुलिस ने बताया कि दविंदर और महकदीप लिव इन रिलेशनशिप में हैं। दोनों वारदात से पहले आकर स्थानीय होटल में रुके थे। होटल मालिक व एक अन्य ने इनका सहयोग किया। वारदात के लिए एक बाइक और कार भी उपलब्ध करवाई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों की पहचान कर ली है। वहीं होटल मालिक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

ये बरामद

हथियार 02
कारतूस 46
नकदी 30,000
ब्लास्ट करने को दी राशि।
रकम देने वालों की तलाश।
जांचः हथियार कहां से आए।

पंजाब पुलिस के बर्खास्त सिपाही कुलदीप की लीड मिली

रेलवे ट्रेक विस्फोट के मामले में केन्द्रीय एजेंसियों को पंजाब पुलिस के बर्खास्त सिपाही कुलदीप की लीड मिली है। गंगानगर और गुरुदासपुर पुलिस ने सूचना पुख्ता करने के लिए 81 लाख मोबाइल नंबरों की जांच की। सबकी इंटरनेट कॉलिंग की भी जानकारी जुटाई तो सामने आया कि पंजाब के नंबरों से इस क्षेत्र में वीपीएन एवं इंटरनेट कॉलिंग का उपयोग किया गया है। पुलिस ने सबसे पहले कुलदीप और उसकी पत्नी नसीब कौर को उठाया। पूछताछ में कुलदीप ने विजय नगर के एमआर होटल में ठहरे पंजाब के दंपती दविंदर और महकदीप की जानकारी दी।

मिला टैक्सी का फुटेज

दविंदर और महकदीप बठिंडा से टैक्सी से विजयनगर आए थे। पुलिस ने 12 नंवबर की रात टैक्सी चालक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद एमआर होटल के मालिक और उसके पिता को थाने लाया गया। पुलिस को इनके पास वारदात में उपयोग ली गई बाइक भी मिल गई। आरोपी दविंदर ने रैकी के दौरान मोबाइल साथ रखा, लेकिन विस्फोट की रात 70 किमी पहले मोबाइल को बंद कर दिया।

Updated on:
15 Nov 2026, 7:45 AM IST
Published on: