बीकानेर

किसान नेता रामेश्वर डूडी नहीं रहे, जानिए छात्र नेता से सांसद बनने का सफर

Rameshwar Dudi Passes Away : राजस्थान में दिग्गज कांग्रेसी नेता रामेश्वर डूडी (62 वर्ष) का शुक्रवार देर रात तकरीबन एक बजे निधन हो गया। पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। उनकी अंत्येष्टि बीकानेर में शनिवार दोपहर एक बजे जाट बगीची में होगी। कांग्रेसी नेता रामेश्वर डूडी कौन हैं? जानिए।
2 min read
किसानों के मसीहा रामेश्वर डूडी नहीं रहे । फोटो- ANI

Rameshwar Dudi Passes Away : राजस्थान के दिग्गज कांग्रेसी नेता और किसानों के अगुवा वरिष्ठ कांग्रेसी रामेश्वर डूडी (62 वर्ष) का शुक्रवार देर रात करीब एक बजे निधन हो गया। रामेश्वर डूडी को अगस्त 2023 में ब्रेन हैमरेज हो गया था, जिसके बाद से वे कोमा में चले गए थे। जानिए कांग्रेसी नेता रामेश्वर डूडी कौन हैं? किसानों के बीच बेहद लोकप्रिय रामेश्वर डूडी बीकानेर जिले के नोखा तहसील के रायसर गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में उनकी पत्नी सुशीला डूडी नोखा से विधायक हैं। रामेश्वर डूडी ने पश्चिमी राजस्थान के किसानों की आवाज पुरजोर तरीके से बुलंद की। रामेश्वर लाल डूडी का जन्म 1 जुलाई 1963 में हुआ था।

छात्र नेता से हुई उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत

रामेश्वर डूडी ने बीकॉम की डिग्री के बाद राजनीति में प्रवेश किया था। राजनीति में उनका प्रवेश एनएसयूआई से हुआ, जहां उन्होंने छात्र आंदोलनों के जरिए अपनी पहचान बनाई। उसके बाद डूडी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पंचायत समिति प्रधान से की थी। वर्ष 1995 में वे पहली बार पंचायत समिति सदस्य बनकर प्रधान बने। उसके बाद यह सफर रुका नहीं। उसके बाद जिला प्रमुख, विधायक और सांसद के साथ विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। वे किसान नेता के साथ बिजनेसमैन भी थे।

वर्ष 1999 में बीकानेर से लोकसभा सांसद चुने गए रामेश्वर डूडी

वर्ष 1999 में रामेश्वर डूडी ने बीकानेर से लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की और सांसद बने। वर्ष 2004 तक वे बीकानेर लोकसभा सीट से सांसद रहे। उस वक्त अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे। फिर वर्ष 2013 विधानसभा चुनाव में बीकानेर जिले की नोखा सीट से रामेश्वर डूडी विधायक चुने गए। वसुंधरा राजे के कार्यकाल में रामेश्वर डूडी ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी निभाई। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों में भी वे नोखा से कांग्रेस प्रत्याशी थे पर भाजपा के बिहारीलाल बिश्नोई से पराजित हो गए।

राजस्थान एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करते समय रामेश्वर डूडी। फोटो- ANI

रामेश्वर लाल डूडी की पत्नी सुशीला, नोखा से हैं विधायक

रामेश्वर डूडी ने किसानों का लगातार आह्वान करते रहते थे कि वे खेती को उद्योग के रूप में विकसित करें ताकि आय में कई गुना वृद्धि की जा सके। रामेश्वर डूडी की गिनती कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में होती थी। रामेश्वर डूडी आक्रामक शैली और किसान मुद्दों पर सख्त रुख के जाने जाते थे। वो किसानों और जनता के बीच ‘डूडी भैया’ के नाम से लोकप्रिय थे। रामेश्वर लाल डूडी की पत्नी सुशीला देवी हैं। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी सुशीला डूडी नोखा से विधायक हैं।

Updated on:
04 Oct 2025 10:17 am
Published on:
04 Oct 2025 07:55 am