बिलासपुर

तेज रफ्तार का कहर! सगाई में जा रहे लोगों से भरी पिकअप मोड़ पर पलटी, 16 घायल, 7 की हालत गंभीर

Road Accident: बिलासपुर जिले में एक फिर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक पिकअप वाहन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई।
2 min read
सड़क हादसा (पत्रिका फाइल फोटो)
सड़क हादसा (पत्रिका फाइल फोटो)

Road Accident: बिलासपुर जिले में एक फिर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक पिकअप वाहन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कुल 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सगाई समारोह में जा रहे थे सभी यात्री

मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम अंगारखार निवासी मनमोहन सिंह खैरवार अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार को पिकअप वाहन में सवार होकर सगाई कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम कर्री जा रहे थे। ग्राम कर्री रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। बताया जा रहा है कि दोपहर लगभग 1.50 बजे पिकअप वाहन ग्राम पोंड़ी और करमा के बीच पहुंचा ही था कि मोड़ पर चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया। अचानक वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया।

चीख-पुकार मची, ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहन में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। घायलों में ईशानी खैरवार, जलेश्वर कश्यप, राजन खैरवार, रामकिशन खैरवार सहित कुल 16 लोग शामिल हैं। इनमें से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को अन्य वाहन और एंबुलेंस की सहायता से तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन तेज रफ्तार में था और मोड़ पर चालक संतुलन नहीं बना सका। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

प्रशासन की अपील

पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ग्रामीण और घुमावदार सड़कों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, विशेषकर तब जब वाहन में अधिक संख्या में लोग सवार हों। तेज गति और लापरवाही छोटी-सी असावधानी को बड़े हादसे में बदल सकती है। इस हादसे से सगाई समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Updated on:
14 Feb 2026 09:56 am
Published on:
14 Feb 2026 09:56 am
Also Read
View All