बिलासपुर

आरोपी पकड़ने फ्लाइट से गुरुग्राम गई छत्तीसगढ़ पुलिस, टिकट का पैसा पीड़ित से वसूला, TI समेत 8 सस्पेंड

Chhattisgarh Police News: कोरबा के कटघोरा थाने से जुड़े मामले में आरोपी को पकड़ने ट्रेन की जगह फ्लाइट से गुरुग्राम जाने और टिकट का खर्च पीड़ित से लेने के आरोप में IG रामगोपाल गर्ग ने कटघोरा TI मोती पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
2 min read
Policeman Suspended
पीड़ित से टिकट के पैसे लेने पर 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड (photo source- Patrika)

Policeman Suspended: बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग ने पुलिस विभाग में वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम गई पुलिस टीम की यात्रा और उसके खर्च से जुड़ा है।

Korba Police Suspension: ट्रेन की जगह फ्लाइट से गुरुग्राम गई टीम

जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाने में कृष्णा जेसीबी कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी और चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजने के निर्देश दिए गए थे। बताया गया कि पुलिस टीम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रेन से गुरुग्राम जाना था, लेकिन आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर 8 सदस्यीय टीम फ्लाइट से गुरुग्राम पहुंची। इस यात्रा को लेकर शिकायत तब गंभीर हो गई, जब आरोप लगा कि पुलिस टीम के हवाई टिकट का खर्च मामले के प्रार्थी यानी पीड़ित से लिया गया।

पीड़ित ने की शिकायत

पुलिस टीम की यात्रा और टिकट के भुगतान को लेकर पीड़ित ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग की पुष्टि होने की बात सामने आई। इसके बाद बिलासपुर रेंज IG रामगोपाल गर्ग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

8 policemen suspended: ये 8 पुलिसकर्मी हुए निलंबित

निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल, उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, आरक्षक प्रदीप राठौर, आरक्षक सुशील यादव और आरक्षक प्रशांत सिंह शामिल हैं।

कटघोरा थाने पर पहले भी हो चुकी कार्रवाई

कटघोरा थाना इससे पहले भी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ समय पहले थाने के सामने कई दिनों तक कबाड़ से लदी एक गाड़ी खड़ी रहने और मामले में लापरवाही के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। अब गुरुग्राम यात्रा में नियमों की कथित अनदेखी और पीड़ित से फ्लाइट टिकट का खर्च लिए जाने के मामले में हुई कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है। IG की कार्रवाई को विभाग में वित्तीय पारदर्शिता और अनुशासन को लेकर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Updated on:
19 Aug 2026 06:27 pm
Published on:
19 Aug 2026 06:27 pm