
Bilaspur Crime: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम गतौरा में पत्नी और बच्चों के मायके चले जाने से नाराज एक युवक ने अपने ही 80 वर्षीय दादा की बेरहमी से पिटाई कर दी। शराब के नशे में युवक ने बुजुर्ग पर लात-घूंसों से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है।
मस्तूरी थाना प्रभारी कपिल चंद्रा के अनुसार, ग्राम गतौरा के वार्ड क्रमांक सात निवासी पंचराम चंद्राकर (80) शुक्रवार दोपहर अपने घर पर थे। इसी दौरान उनका 35 वर्षीय पोता तुलाराम चंद्राकर, पिता संतोष चंद्राकर, शराब के नशे में घर पहुंचा। उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी। इसी बात को लेकर वह अपने दादा से बहस करने लगा। युवक दादा से नाराज था कि उन्होंने उसकी पत्नी और बच्चों को मायके जाने से नहीं रोका।
दादा और पोते के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। गुस्से में युवक ने अपना आपा खो दिया और 80 वर्षीय पंचराम चंद्राकर पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। दोपहर करीब चार बजे ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद मस्तूरी पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पोते तुलाराम चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी और बच्चों के मायके जाने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद हत्या तक पहुंच गया। इस घटना से ग्राम गतौरा में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।