
CG Monsoon 2025: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मौसम ने शनिवार को फिर करवट लिया। दिन भर धूप-छांव के बीच दोपहर करीब आधे से पौन घंटे हल्की बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया। अधिकतम तापमान भी पिछले दिनों की तुलना में करीब दो डिग्री सेल्सियस गिरने से गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है।
शुक्रवार तक कड़ी धूप के चलते गर्मी का आलम रहा। इससे अधिकतम तापमान भी 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। उमस भरी गर्मी रही। शनिवार को मौसम ने करवट लिया और दिन भर धूप-छांव की स्थिति बनी रही। इसी दरमियान दोपहर 3 से शाम 4 बजे के बीच काली घटाएं छाईं और शहर में आधे से पौन घंटे झमाझम बारिश हुई।
उसके बाद भी देर शाम तक रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी होती रही। इससे गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। शहर का अधिकतम 35.0 तो न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सप्ताह भर जिले में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। जबकि आगामी पांच दिन तक अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने का अनुमान है।
स्थान अधिकतम न्यूनतम
बिलासपुर 35.0 27.0
पेंड्रा 33.4 24.8
अंबिकापुर 32.6 20.4
रायपुर 31.6 25.6
जगदलपुर 33.4 25.1
दुर्ग 32.2 23.2