बिलासपुर

बिलासपुर में शराब दुकान को बनाया निशाना, छत काटकर घुसा चोर और ले गया हजारों की शराब

Bilaspur Liquor Shop Theft: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चोर ने शराब दुकान में चोरी करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। नकाबपोश चोर छत का टीन शेड काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुआ और सीसीटीवी के तार काटने के बाद करीब 28 हजार रुपये की शराब लेकर फरार हो गया।
2 min read
चोरी (photo-patrika )
चोरी (photo-patrika )

Liquor Shop Robbery: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह सब्जी मंडी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में नकाबपोश चोर ने टीन शेड काटकर दुकान के अंदर प्रवेश किया और करीब 28 हजार रुपये की शराब की बोतलें लेकर फरार हो गया। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी डिस्कनेक्ट कर दिए। घटना की शिकायत दुकान के सुपरवाइजर ने सरकंडा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी बंद मिला, जांच में सामने आई चोरी की वारदात

पचपेड़ी निवासी 44 वर्षीय शिव मधुकर चांटीडीह स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में सुपरवाइजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 2 सितंबर की रात करीब 11 बजे दुकान बंद करने के बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। अगले दिन 3 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे तो सीसीटीवी मॉनिटर बंद मिला।

जांच करने पर कैमरों के रिसीवर का मेन स्विच, रिकॉर्डिंग और माउस के तार डिस्कनेक्ट मिले। इसके बाद सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की जांच की गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई।

छत का टीन काटकर दुकान में दाखिल हुआ चोर

सीसीटीवी फुटेज में 3 सितंबर की रात करीब 2:13 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति रूम नंबर-3 की छत का टीन शेड काटकर दुकान के अंदर घुसता दिखाई दिया। दुकान में प्रवेश करने के बाद चोर पहले काउंटर के पास पहुंचा और फिर लॉकर रूम में जाकर टेबल की दराज खंगालने लगा। कुछ देर तक दुकान में सामान तलाशने के बाद आरोपी ने सीसीटीवी कैमरों के तार निकाल दिए। इसके बाद कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद हो गई।

28 हजार रुपये की शराब गायब

चोरी की जानकारी मिलने के बाद सुपरवाइजर ने सर्कल प्रभारी को सूचना दी। अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर दुकान का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके बाद क्लोजिंग स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें करीब 28 हजार रुपये कीमत की शराब की बोतलें गायब मिलीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नकाबपोश चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल बिलासपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Updated on:
05 Sept 2026 07:07 pm
Published on:
05 Sept 2026 07:07 pm