
Chhattisgarh Ration Card: प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत बड़ी संख्या में राशन कार्ड बने हुए हैं, लेकिन सभी कार्डों से हर महीने राशन का उठाव नहीं हो रहा है। खाद्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 57 लाख 16 हजार 945 राशन कार्ड दर्ज हैं। इनमें से 34 लाख 55 हजार 852 कार्डों का ही उपयोग हुआ है। इस तरह 22 लाख 61 हजार 93 कार्ड ऐसे हैं, जिनसे संबंधित आंकड़ों में उपयोग दर्ज नहीं हुआ है। यानी कुल राशन कार्डों में करीब 39.55 प्रतिशत कार्ड ऐसे हैं, जिनसे मासिक लेनदेन नहीं हुआ।
दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में राशन वितरण व्यवस्था के लिए कुल 14 हजार 354 उचित मूल्य की दुकानें दर्ज हैं। इनमें से केवल 6 हजार 789 दुकानें सक्रिय बताई गई हैं। बाकी 7 हजार 565 दुकानों में सक्रियता दर्ज नहीं है। वहीं, प्रदेश में एक महीने के दौरान कुल 35 लाख 28 हजार 289 लेनदेन दर्ज किए गए हैं। यह कुल राशन कार्डों का 60.45 प्रतिशत है। यानी बड़ी संख्या में कार्डों से नियमित राशन उठाव दर्ज नहीं हो रहा है।
स्मार्ट पीडीएस व्यवस्था के तहत पुराने राशन कार्ड नंबर की जगह नए राशन कार्ड नंबर अपडेट किए जा रहे हैं। हितग्राही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के पोर्टल पर अपना नया नंबर देख सकते हैं। इसके अलावा नागरिक पोर्टल से राशन कार्ड का विवरण और नया कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है। नंबर में परेशानी होने पर उचित मूल्य दुकान या खाद्य विभाग से संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर 1967 और 1800-233-3663 पर भी सहायता मिलेगी।
राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी सुविधा के तहत हितग्राहियों को अपनी मूल दुकान के बजाय दूसरी उचित मूल्य की दुकान से भी राशन लेने की सुविधा मिलती है। प्रदेश में 4 लाख 71 हजार 854 कार्डों के जरिए पोर्टेबिलिटी का उपयोग दर्ज किया गया है। इससे पता चलता है कि बड़ी संख्या में हितग्राही अपनी निर्धारित दुकान के बजाय दूसरी दुकानों से राशन ले रहे हैं।