बिलासपुर

Traffic Challan: कितने तेजस्वी लोग हैं! चालान से बचने लोग अपना रहे ये जुगाड़, देखकर ट्रैफिक पुलिस रह गई हैरान

Traffic Challan: बिलासपुर में हाईटेक ट्रैफिक सिस्टम लागू होने के बाद जहां सड़क पर अनुशासन बढ़ा है, वहीं कुछ वाहन चालकों ने नियमों से बचने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए हैं।
2 min read
कितने तेजस्वी लोग हैं! (फोटो सोर्स- पत्रिका)
कितने तेजस्वी लोग हैं! (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Traffic Challan: बिलासपुर में हाईटेक ट्रैफिक सिस्टम लागू होने के बाद जहां सड़क पर अनुशासन बढ़ा है, वहीं कुछ वाहन चालकों ने नियमों से बचने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए हैं। बिलासपुर की सड़कों पर इन दिनों ऐसे कई वाहन नजर आ रहे हैं, जिनकी नंबर प्लेट या तो ढंकी हुई है, हटाई गई है या फिर गलत नंबर दर्ज कर चलाया जा रहा है।

शहर में लागू इंटेलिजेंट ट्रैफिक एंड मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के तहत हर प्रमुख चौक-चौराहे पर लगे कैमरे लगातार निगरानी कर रहे हैं और नियम तोड़ने वालों का ऑनलाइन चालान सीधे उनके घर पहुंच रहा है। लेकिन कुछ चालक इस सिस्टम को चकमा देने के लिए तरह-तरह के तरीके अपना रहे हैं। पुलिस अधिकारियों की माने तो ऐसे वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नंबर प्लेट छुपाने के अलग-अलग तरीके

जांच में सामने आया है कि कई वाहन चालक घर से निकलते ही नंबर प्लेट को कपड़े, कागज या पॉलिथिन से ढंक लेते हैं। कुछ चालक तो गाड़ी की नंबर प्लेट ही निकाल देते हैं, ताकि कैमरों में उनकी पहचान न हो सके। इतना ही नहीं, कई मामलों में देखा गया है कि चालक चौक के पास पहुंचते ही हाथ से नंबर प्लेट ढंक लेते हैं, जबकि कुछ लोग गलत या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर सडक़ों पर वाहन चला रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यह सीधे-सीधे कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।

बच निकलते हैं नियम तोडऩे पर भी

आईटीएमएस के कैमरे उन्हीं वाहनों को चिन्हित कर पाते हैं, जिनकी नंबर प्लेट स्पष्ट दिखाई देती है, ऐसे में नंबर प्लेट हटाकर या छुपाकर चलना पुलिस के लिए बड़ी परेशानी बन रहा है। कई दफा ऐसे वाहनों का उपयोग आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले भी कर दे रहे हैं।

विशेष अभियान: बिना नंबर प्लेट और फर्जी नंबर वालों पर शिकंजा

स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के अलावा थानों की पुलिस भी शहर व आसपास के क्षेत्र में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की पहचान कर उन्हें रोका जा रहा है और मौके पर ही कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नकली या गलत नंबर प्लेट लगाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। पिछले कुछ दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस ने चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की है।

आईटीएमएस से आम लोग हुए सतर्क

आईटीएमएस सिस्टम लागू होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था में स्पष्ट सुधार देखा गया है। बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट नहीं लगाना, रेड लाइट जंप करना और ओवरस्पीडिंग जैसी घटनाओं में कमी आई है। अब चालान सीधे घर पहुंचने लगे हैं, जिससे आम लोग सतर्क हुए हैं और नियमों का पालन भी बढ़ा है। लेकिन कुछ लोग जुर्माने से बचने के लिए अवैध तरीके अपनाने लगे हैं।

नंबर प्लेट छुपाना, हटाना या फर्जी नंबर लगाना कोई चालाकी नहीं, बल्कि अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक नियमों से बचने के लिए अपनाए जा रहे ऐसे हथकंडों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। - रजनेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

Updated on:
21 Mar 2026 05:25 pm
Published on:
21 Mar 2026 05:25 pm