
Weather Update: चक्रवाती तूफान ‘फेंजल’ के असर के चलते पिछले कई दिनों से बादल छाए रहे। इससे बिलासपुर के अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को आसमान साफ होने के बाद भी अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा रहा। रात में भी 18 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान होने पर ज्यादातर लोगों ने स्वेटर-जैकेट उतार दिए हैं। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक-दो दिन में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
फेंजल तूफान के असर से पहले पिछते सप्ताह तक अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे रात में ठंड बढ़ गई थी। तूफान के असर के चलते ठंड में अचानक ब्रेक सा लग गया। बादल छाने की वजह से अधिकतम व न्यूनतम दोनों तापमान बढ़ गए और फिर गर्मी बढ़ गई।
हालांकि फेंजल तूफान के प्रभाव के समाप्त होने के बाद बुधवार से मौसम साफ होने लगा है, जिसके चलते रात के तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है। बहरहाल बुधवार को शहर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिन में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। जबकि अधिकतम तापमान में भी क्रमश: आंशिक गिरावट आएगी। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य भागों में आगामी दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगी। वहीं दक्षिणी भागों में आगामी 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इस दौरान दक्षिण क्षेत्र में कुछ जगहों पर हल्की से हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। आज गुरुवार को प्रदेश के एक-दो जगह पर हल्की मध्यम बारिश के आसार हैं।
स्थान - अधिकतम - न्यूनतम
बिलासपुर - 32.2 - 18.8
पेंड्रा - 29.8 - 13.4
अंबिकापुर - 29.0 - 12.2
रायपुर - 31.7 - 20.5
जगदलपुर - 31.4 - 21.3
दुर्ग - 31.4 - 19.2
राजनांदगांव - 31.5 - 20.0