बॉलीवुड

14 साल का अंतर, दो साल से डेटिंग, आमिर खान की तीसरी पत्नी गौरी स्प्रैट संग ऐसे शुरू हुई लवस्टोरी

Aamir Khan-Gauri Spratt Lovestory: 61 वर्ष की उम्र में अभिनेता ने अपनी लंबे समय की दोस्त और साथी गौरी स्प्रैट के साथ शादी कर ली। दोनों ने मुंबई के बांद्रा स्थित आमिर खान के घर पर बेहद निजी समारोह में शादी को रजिस्टर कराया।
3 min read
Jul 05, 2026
Aamir Khan-Gauri Spratt Wedding
Aamir Khan-Gauri Spratt Wedding (सोर्स- @tahirjasus)

Aamir Khan-Gauri Spratt Wedding: आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी की पहली तस्वीर आते ही अब हर तरफ उनकी चर्चाएं होने लगी हैं। 14 साल छोटी गौरी संग शादी के बाद आमिर की लवस्टोरी के चर्चे हर तरफ हो रहे हैं।

इस शादी में सिर्फ परिवार के सदस्य, करीबी दोस्त और कुछ चुनिंदा मेहमान शामिल हुए। लंबे समय से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन अब दोनों ने आधिकारिक तौर पर अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया है।

दो दशक से ज्यादा पुरानी पहचान, फिर बदली किस्मत

आमिर खान और गौरी स्प्रैट की पहली मुलाकात करीब 25 साल पहले हुई थी। उस समय दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में व्यस्त थे और मुलाकात आगे नहीं बढ़ पाई। समय बीतता गया और दोनों अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ गए। आमिर खान और गौरी स्प्रैट की उम्र के बीच 14 साल का अंतर है। पिछले दो सालों से दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे थे।

कई वर्षों बाद परिवार के एक साझा परिचित के जरिए दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। इस बार बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के काफी करीब आ गए। दोस्ती ने भरोसे का रूप लिया और यही रिश्ता आगे चलकर प्यार में बदल गया। ताहिर जासूस समेत कई पैपराजी पेजिस पर आमिर खान की शादी की तस्वीर शेयर की गई है।

दो साल पहले शुरू हुई प्रेम कहानी

करीब दो साल पहले दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। आमिर खान ने बाद में एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि उन्हें दोबारा प्यार मिलने की उम्मीद नहीं थी। उनका कहना था कि जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें ऐसा साथी मिला जिसने उन्हें मानसिक शांति और स्थिरता का एहसास कराया।

उन्होंने यह भी कहा था कि किसी भी रिश्ते से पहले इंसान का खुद से प्यार करना और खुद को समझना जरूरी होता है। इसी सोच ने उन्हें जीवन को नए नजरिए से देखने की प्रेरणा दी।

60वें जन्मदिन पर कराया था परिचय

मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर आमिर खान ने पहली बार मीडिया के सामने गौरी स्प्रैट का परिचय कराया था। उसी समय उन्होंने बताया था कि दोनों करीब 25 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और पिछले कुछ समय से रिश्ते में हैं। इसके बाद दोनों कई मौकों पर साथ दिखाई दिए, जिससे शादी की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया।

घर पर ही शादी हुई रजिस्टर

रविवार को दोनों ने आमिर खान के बांद्रा स्थित घर पर विवाह का रजिस्ट्रेशन कराया। समारोह पूरी तरह निजी रखा गया। बताया गया कि दोपहर के समय दोनों ने विवाह संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।

समारोह में मौजूद लोगों के अनुसार यह पल दोनों के लिए बेहद भावुक था। शादी में लगभग 150 मेहमान शामिल हुए, जिनमें परिवार के सदस्य, करीबी दोस्त और विदेश से आए रिश्तेदार भी मौजूद थे।

इस मौके पर आमिर के तीनों बच्चे—जुनैद, इरा और आजाद—भी समारोह का हिस्सा बने। वहीं गौरी स्प्रैट का बेटा भी इस खास अवसर पर मौजूद रहा।

दो शादियों के बाद मिली नई शुरुआत

आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे जुनैद और इरा हैं। बाद में दोनों अलग हो गए।इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से विवाह किया। इस रिश्ते से उनका बेटा आजाद है। हालांकि 2021 में दोनों ने अलग होने का फैसला लिया, लेकिन आज भी दोनों मिलकर अपने बेटे की परवरिश कर रहे हैं और अच्छे दोस्त हैं। अब गौरी स्प्रैट के साथ आमिर ने अपनी जिंदगी की तीसरी पारी शुरू की है।

कौन हैं गौरी स्प्रैट?

गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु से हैं और लंबे समय तक ग्लैमर की दुनिया से दूर रहीं। वह वेलनेस और ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़ी रही हैं। उन्होंने लंदन के यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स से स्टाइलिंग और फोटोग्राफी का कोर्स भी किया है। वर्तमान में वह मुंबई में एक प्रीमियम सैलून से जुड़ी हैं और अब आमिर खान प्रोडक्शंस के साथ भी काम कर रही हैं। बता दें गौरी की ये दूसरी शादी है और उनकी पहली शादी से एक बेटा भी है।

Updated on:
05 Jul 2026 03:11 pm
Published on:
05 Jul 2026 03:02 pm