
Aamir Khan Trolled For Love Jihad: बॉलीवुड में रिश्ते बनना और टूटना कोई नई बात नहीं है, लेकिन कुछ सितारे ऐसे भी हैं जो अलग होने के बाद भी रिश्तों में सम्मान और अपनापन बनाए रखते हैं। आमिर खान का नाम उन्हीं चुनिंदा कलाकारों में शामिल है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आमिर खान अपनी पहली पत्नी रीना दत्ता, दूसरी पत्नी किरण राव, बेटे आजाद और मंगेतर गौरी स्प्रैट के साथ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो ने इंटरनेट यूजर्स को हैरान भी किया है और प्रभावित भी।
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि परिवार के सभी सदस्य एक साथ समय बिताने के बाद एक ही गाड़ी में सफर कर रहे हैं। आमिर खान आगे की सीट पर बैठे दिखाई देते हैं, जबकि पीछे की सीट पर गौरी स्प्रैट, किरण राव और आजाद मौजूद हैं। कुछ ही देर बाद रीना दत्ता भी उसी गाड़ी में आकर बैठ जाती हैं। खास बात ये रही कि गाड़ी में मौजूद सभी लोग बेहद सहज और खुश नजर आए। गौरी और किरण के बीच बातचीत और हंसी-मजाक ने सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान खींचा।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई लोगों ने आमिर खान की फैमिली को लेकर कमेंट किया तो कई ने तो आमिर खान पर ही आरोप लगा दिया। एक यूजर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'आमिर खान, उनकी पहली पत्नी रीना दत्ता, दूसरी पत्नी किरण राव और नई गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट...जिहाद का एक आदर्श उदाहरण... पैसा ही पैसे को नियंत्रित करता है...'
एक और यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- भाई ये क्या हो रहा है बॉलीवुड में। आमिर खान को प्रमोट किया ही क्यों जा रहा है।
दरअसल, पिछले कुछ समय से आमिर खान और गौरी स्प्रैट के रिश्ते की चर्चा लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और अब अपने रिश्ते को नया नाम देने की तैयारी में हैं। हाल ही में आमिर ने खुद स्वीकार किया था कि वह और गौरी अपने रिश्ते को अगले पड़ाव तक ले जाने के लिए तैयार हैं।
इस वीडियो के सामने आने से पहले भी आमिर खान का पूरा परिवार 'लगान' की 25वीं वर्षगांठ के समारोह में एक साथ नजर आया था। उस दौरान भी रीना दत्ता, किरण राव और गौरी स्प्रैट की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा था। रेड कार्पेट पर आमिर और गौरी की केमिस्ट्री भी चर्चा का विषय बनी थी। आमिर खान के इस वायरल क्लिप को ताहिर जासूस समेत कई पैपराजी पेज पर शेयर किया गया है।
आमिर खान की निजी जिंदगी हमेशा लोगों के लिए दिलचस्प रही है। हालांकि दो शादियां टूटने के बाद भी उन्होंने अपने परिवार के साथ रिश्तों में कभी कड़वाहट नहीं आने दी। यही वजह है कि आज भी उनकी पूर्व पत्नियां और बच्चे उनके जीवन का अहम हिस्सा बने हुए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान और गौरी स्प्रैट जुलाई में एक निजी समारोह में शादी कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि इस समारोह में केवल करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य ही शामिल होंगे।