मीत ब्रदर्स का कहना है कि उन्हें राजस्थानी कल्चर शुरू से ही अट्रैक्ट करता था
'बेबी डॉल मैं सोने दी','चिट्टियां कलाइयां वे' जैसे कई हिट नंबर्स के लिए मशहूर मीत ब्रदर्स ने पहली बार एक राजस्थानी फोक बेस्ड गाना 'ठाड़े रहियो..'रिलीज किया है। इस गाने को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। इस गाने के वीडियो में मीत ब्रदर्स ने डांस भी किया है और इनका साथ दिया है सिंगर कनिका कपूर ने। ये तीनों इस वीडियो में पारंपरिक राजस्थानी परिधान में नजर आ रहे हैं। मीत ब्रदर्स ने पत्रिका एंटरटेनमेंट से खास बातचीत में अपने अनुभव शेयर किए।
शुरू से अट्रैक्ट करता था राजस्थानी कल्चर:
मीत ब्रदर्स का कहना है कि उन्हें राजस्थानी कल्चर शुरू से ही अट्रैक्ट करता था। राजस्थान का पहनावा, यहां की बोली, यहां की संस्कृति पूरी दुनिया में ऐसा कहीं और देखने को नहीं मिलता। उन्होंने कहा, 'हमारे गानों में पंजाबी टच बहुत ज्यादा हो गया था। इसके बाद हमने राजस्थानी फोक बेस्ड सॉन्ग बनाने के बारे में सोचा।'
सिटी पैलेस में हुई शूटिंग:
मीत ब्रदर्स की जोड़ी के मनमीत सिंह ने बताया कि उनके गाने की शूटिंग राजस्थान में ही हुई है। उन्होंने बताया, इस गाने की शूटिंग जयपुर के सिटी पैलेस, किशनगढ़ सहित कई जगहों पर हुई है।
जयपुर के व्यंजन काफी पसंद:
मनमीत सिंह ने बताया कि उन्हें जयपुर का खान—पान और यहां की संस्कृति बहुत अच्छी लगती है। उनका कहना है कि अगर व्यंजनों का स्वाद लेना है तो जयपुर सबसे अच्छी जगह है। यहां की लस्सी और अन्य चीजें उन्हें बेहद पसंद है।
विदेशों में भी पसंद किया जा रहा सॉन्ग:
मीत ब्रदर्स का कहना है कि उनका यह सॉन्ग ना सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में भी इस सॉन्ग को काफी पसंद कर रहे हैं। विदेशों में लोग इसे शेयर कर रहे हैं और देश में तो इसे प्यार मिल ही रहा है।
राजस्थानी फोक पर करेंगे फोकस:
मीत ब्रदर्स का कहना है कि उनका यह राजस्थानी सॉन्ग लोगों को काफी पसंद आ रहा है। साथ ही उनका कहना है एमबी म्यूजिक के तहत वे इस तरह के और भी राजस्थानी फोक टच पार्टी सॉन्ग बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं।