बॉलीवुड

जायरा वसीम के बाद एक्ट्रेस Sana Khan ने छोड़ी फिल्म इंडस्ट्री, कहा- अल्लाह के आदेशों का करूंगी पालन

Sana Khan ने बताया है कि अब वो मानवता की सेवा करेंगी और अपने निर्माता यानी अल्लाह के आदेश का पालन करेंगी। सना से पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस जायरा वसीम ने भी इंडस्ट्री छोड़ दी थी।

3 min read
Sana Khan Leaves Bollywood

नई दिल्ली: बिग बॉस में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस सना खान ने फिल्म इंडस्ट्री को हमेशा के लिए छोड़ दिया है। सना ने सोशल मीडिया पर एक लंबा चौड़ा नोट लिखा है। जिसमें उन्होंने बताया है कि अब वो मानवता की सेवा करेंगी और अपने निर्माता यानी अल्लाह के आदेश का पालन करेंगी। सना से पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस जायरा वसीम ने भी इंडस्ट्री छोड़ दी थी। उन्होंने वजह बताते हुआ कहा था कि इंडस्ट्री के कारण वह इस्लाम से दूर हो रही थीं।

सना खान ने सोशल मीडिया पर तीन भाषाओं में एक लंबा नोट लिखा है। जिसमें वह कहती हैं- "भाईयों और बहनों, आज मैं अपनी जिंदगी के अहम मोड़ पर आपसे बात कर रही हूं। मैं सालों से फिल्म इंडस्ट्री की जिंदगी गुजार रही हूं और इस दौरान मुझे हर की शोहरत, इज्जत और दौलत अपने चाहने वालों की तरफ से नसीब हुई। जिसके लिए मैं उनकी शुक्रगुजार हूं। लेकिन कुछ दिनों से मुझपर ये एहसास कब्जा जमाए हुए है कि इंसान के दुनिया में आने का मकशद क्या सिर्फ ये है कि वो दौलत और शोहरत कमाए? क्या उस पर ये फर्ज आयद नहीं होता कि वो अपनी जिंदगी उन लोगों की खिदमत में गुजारे जो बे-आसरा और बेसहारा हैं?"

"क्या इंसान को ये नहीं सोचना चाहिए कि उसे किसी भी वक्त मौत आ सकती है? और मरने के बाद उसका क्या बनने वाला है? इन दो सवालों का जवाब, मैं मुद्दत से तलाश कर रही हूं। खासतौर पर इस दूसरे सवाल का जवाब कि मरने के बाद मेरा क्या बनेगा। इस सवाल का जवाब जब मैंने अपने मजहब में तलाश किया तो मुझे पता चला कि दुनिया की ये जिंदगी असल में मरने के बाद की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए है। और वो इससे सूरत में बेहतर होगी जब बंदा अपने पैदा करने वाले के हुक्म के मुताबिक जिंदगी गुजारे और सिर्फ दौलत और शौहरत को अपना मकसद न बनाए। बल्कि गुनाह की जिंदगी से बचकर इंसानियत की खिदमत करे और अपने पैदा करने वाले के बताए हुए तरीकों पर चले।"

"इसलिए मैं आज ये ऐलान करती हूं कि आज से मैं अपने शो-बिज की जिंदगी छोड़कर इंसानियत की खिदमत और अपने पैदा करने वाले के हुकुम पर चलने का पक्का इरादा करती हूं। तमाम बहनों और भाईयों से दरख्वास्त है कि वो अब मुझे शो-बिज के किसी काम के लिए दावत न दें। बहुत-बहुत शुक्रिया।"

इस पोस्ट के बाद सना खान ने अपने सोशल मीडिया अपनी सारी ग्लैमरस तस्वीरों को हटा दिया है। बता दें कि सना ने 'हल्ला बोल', 'जय हो', 'वजह तुम हो', 'टॉइलट-एक प्रेम कथा' जैसी कई बड़ी फिल्मों में काम किया है। इसके साथ ही उन्होंने बिग बॉस 6 में भी हिस्सा लिया था। इसके अलावा वह कई रियलिटी शो और वेब सीरीज में नजर आ चुकी हैं। इस साल की शुरुआत में सना अपने बॉयफ्रेंड मेलविन लुईस के साथ ब्रेकअप के कारण सुर्खियों में आई थीं।

Updated on:
09 Oct 2020 09:18 am
Published on:
09 Oct 2020 07:41 am
Also Read
View All