फर्स्ट लुक में अक्षय संतरी पगड़ी और दाढ़ी में नजर आ रहे हैं
डायरेक्टर आर बाल्की की फिल्म ‘पैडमैन’ की रिलीज से पहले अक्षय ने अपनी आगामी फिल्म ‘केसरी’ की शूटिंग शुरू कर दी है। साथ ही इस फिल्म से अक्षय कुमार का लुक भी सामने आया है। अक्षय ने कहा कि यह उनकी सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म है। इस फिल्म से सामने आए फर्स्ट लुक में अक्षय संतरी पगड़ी और दाढ़ी में नजर आ रहे हैं। फिल्म का फर्स्ट लुक जारी करते हुए अक्षय ने ट्वीट किया, ‘यह साझा करते हुए गर्व और कृतज्ञता महसूस कर रहा हूं। वर्ष 2018 की शुरुआत ‘केसरी’ के साथ। मेरी सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म और जुनूनी है। हमेशा की तरह आपकी शुभकामनाएं चाहिए।’ अक्षय कुमार और करण जौहर मिल कर फिल्म का निर्माण करेंगे।
बता दें कि ऐसा पहली बार हो रहा है, जब अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के बेस्ट फ्रेंड करण जौहर के साथ किसी फिल्म के लिए जुड़ रहे हैं। अक्षय इस फिल्म में भूमिका में होंगे। फिल्म ‘बैटल ऑफ सारागढ़ी’ की कहानी पर आधारित होगी और 2019 में होली के मौके पर रिलीज की जाएगी। इसके निर्देशक अनुराग सिंह हैं। गौरतलब है कि इसी फिल्म के लिए पहले सलमान खान भी अक्षय और करण के साथ पार्टनरशिप कर रहे थे, लेकिन सलमान ने अपना हाथ इस प्रोजेक्ट से खींच लिया था।
फिल्म 'केसरी' एक पीरियड ड्रामा होगी। फिल्म की कहानी 1897 में ब्रिटिश भारतीय सेना की एक छोटी सी टुकड़ी और अफगान सेना के बीच हुए बैटल ऑफ़ सारागढ़ी पर आधारित होगी। इस युद्ध में ब्रिटिश भारतीय सेना के सिर्फ 21 सिख जाबांजों 10 हजार की अफगान सेना का सामना किया था। बता दें कि अभिनेता रणदीप हुड्डा भी सारागड़ी के युद्ध पर बन रही एक फिल्म में नजर आने वाले हैं। 'केसरी' विषय पर बनने वाली यह तीसरी फिल्म होगी। बता दें कि फिलहाल अक्षय कुमार अपनी आगामी फिल्म पैडमैन के प्रमोशमें व्यस्त चल रहे हैं जो कि 25 जनवरी को रिलीज होगी।