बॉलीवुड

अक्षय कुमार को प्रोड्यूसर ने नहीं दिए थे 68 हजार रुपये, गुस्से में घर से उठा ले गए टेप रिकॉर्डर, बेचकर मिले थे 32 हजार

Akshay Kumar Koffee With Karan: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार हाल ही में 'कॉफी विद करण' सीजन 9 के नए एपिसोड में नजर आए। इस दौरान अभिनेता ने अपने प्रोफेशन से जुड़े कई किस्से साझा किए। क्या कुछ कहा है अक्षय ने, चलिए जानते हैं।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 10:52 AM IST
Akshay Kumar Koffee With Karan
अक्षय कुमार (फोटो सोर्स- IMDb)

Akshay Kumar Koffee With Karan: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार आज फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सफल सितारों में गिने जाते हैं। उनकी एक फिल्म के लिए करोड़ों रुपये की फीस लेने की खबरें आती हैं, लेकिन करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें भी कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। एक समय ऐसा था जब एक फिल्म के प्रोड्यूसर ने उनकी फीस तक नहीं दी थी। पैसे मांगने के लिए अक्षय कुमार सीधे प्रोड्यूसर के घर पहुंच गए। वहां जब उन्हें पैसे नहीं मिले तो वह गुस्से में उसका टेप रिकॉर्डर ही उठाकर ले आए। बाद में उन्होंने उस टेप रिकॉर्डर को बेचकर 32 हजार रुपये हासिल किए थे। अक्षय ने यह दिलचस्प किस्सा करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण 9' में सुनाया है।

फिल्म फ्लॉप हुई तो प्रोड्यूसर ने नहीं दिए पैसे

दरअसल, 'कॉफी विद करण 9' के नए एपिसोड में अक्षय कुमार भोजपुरी अभिनेता रवि किशन के साथ नजर आए। बातचीत के दौरान दोनों कलाकारों ने फिल्म इंडस्ट्री में फीस नहीं मिलने और प्रोड्यूसर्स की तरफ से किए गए वादे पूरे नहीं करने के अनुभव साझा किए।

अक्षय कुमार ने बताया कि उनके करियर के शुरुआती दिनों में एक प्रोड्यूसर ने उनकी फीस के 68 हजार रुपये नहीं दिए थे। उस समय उनके लिए यह रकम बहुत बड़ी थी। अक्षय ने बताया कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी और प्रोड्यूसर ने उनकी पेमेंट रोक दी थी।

प्रोड्यूसर के घर पहुंचे तो उठा लाए टेप रिकॉर्डर

अक्षय ने बताया कि जब उन्हें पैसे नहीं मिले तो वह खुद प्रोड्यूसर के घर पहुंच गए। उन्होंने दरवाजे की घंटी बजाई। प्रोड्यूसर ने जैसे ही दरवाजा खोला, वह समझ गया कि अक्षय पैसे लेने आए हैं।

अक्षय ने बताया कि उस वक्त वह बहुत गुस्से में थे। उन्होंने प्रोड्यूसर के घर में इधर-उधर देखा, लेकिन उन्हें कोई ऐसी चीज नजर नहीं आई जिसे लेकर वह अपने पैसे वसूल कर सकें। आखिर में उनकी नजर एक टेप रिकॉर्डर पर पड़ी।

अक्षय ने बताया, ''मैं उसका टेप रिकॉर्डर लेकर आ गया और उसे हीरा पन्ना में बेच दिया। उसके बदले मुझे 32 हजार रुपये मिले। हालांकि, मेरे बाकी पैसे अभी भी बकाया हैं।''

अक्षय के इस खुलासे ने शो में मौजूद करण जौहर और रवि किशन को भी हैरान कर दिया।

रवि किशन को भी नहीं मिली थी पूरी फीस

इस बातचीत में रवि किशन ने भी अपने संघर्ष के दिनों का एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म 'उधार की जिंदगी' में काम करने के लिए उन्हें 1.8 लाख रुपये देने का वादा किया गया था। इस फिल्म में काजोल भी थीं। हालांकि, शूटिंग पूरी होने के बाद उन्हें सिर्फ 8 हजार रुपये ही मिले।

प्रोड्यूसर ने बाकी पैसे फिल्म की डबिंग पूरी होने के बाद देने का वादा किया था। रवि किशन को उस समय पैसों की काफी जरूरत थी। वह बिहार में अपनी लीज पर ली गई खेती की जमीन वापस हासिल करना चाहते थे। ऐसे में फिल्म की फीस उनके लिए काफी मायने रखती थी।

पैसे मांगने पर रोल काटने की दी धमकी

रवि किशन ने बताया कि जब वह प्रोड्यूसर के पास अपने बाकी पैसे मांगने पहुंचे तो उसने उल्टा उन्हें धमकी दे दी। प्रोड्यूसर ने कहा कि अगर पैसे चाहिए तो उनका फिल्म में रोल छोटा कर दिया जाएगा।

रवि किशन के मुताबिक, प्रोड्यूसर ने उनसे कहा, ''काहे के पैसे? पैसे दूंगा तो रोल काट दूंगा।'' इसके बाद रवि किशन ने पैसे मांगना छोड़ दिया, क्योंकि वह फिल्म में अपना किरदार और स्क्रीन टाइम बचाना चाहते थे।

दोनों कलाकारों के इन खुलासों से पता चलता है कि आज बड़े सितारे बन चुके अक्षय कुमार और रवि किशन को भी करियर के शुरुआती दिनों में फीस के लिए संघर्ष करना पड़ा था।

Updated on:
26 Nov 2026, 10:52 AM IST
Published on:
Also Read
View All
कौन हैं सुविज्ञ शर्मा जिन्हें शाहरुख खान ने भेजा कानूनी नोटिस? अनंत अंबानी संग बातचीत से जुड़ा है मामला

‘मैंने साड़ी पहनी और मेरे पिता ने फिर लेदर की बेल्ट से मारा’, रवि किशन ने सुनाया बचपन का किस्सा

‘बाथरूम का दरवाजा तो ठीक से बंद किया करो’, ट्विंकल खन्ना ने पति अक्षय कुमार को बीच शो में कर दिया रोस्ट

1000 फीट गहरी खाई के ऊपर सलमान खान के साथ दौड़ पड़े थे सूरज बड़जात्या, ‘मैंने प्यार किया’ की शूटिंग का खतरनाक किस्सा

‘नेटफ्लिक्स को पैसे भारत से कमाने हैं, पाकिस्तान से नहीं…’, तहसीन पूनावाला का फवाद- माहिरा की सीरीज पर फूटा गुस्सा, दी चेतावनी