
मुंबई। बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर और एक्ट्रेस आलिया भट्ट की शादी की खबरें एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बताया जाता है कि दोनों की शादी उनकी अपकमिंग फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की रिलीज से पहले हो सकती है। गौरतलब है कि दोनों को पहली बार साथ में सोनम कपूर और आनंद आहूजा की 2018 में हुई शादी के रिसेप्शन में देखा गया था। तब से ही इनके अफेयर की चर्चा शुरू हो गई थी। अब सेलेब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने संकेत दिया है कि दोनों की शादी 'ब्रह्मास्त्र' की रिलीज से पहले हो सकती है।
'दोनों की शादी 'ब्रहास्त्र' की रिलीज से पहले और 2021 में होगी'
दरअसल, हाल ही में विरल भयानी ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में दिए कैप्शन में बताया कि राहुल वैद्य और दिशा परमार की शादी के बाद अब हम रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी के लिए उत्साहित हैं। मैंने सुना है कि दोनों की शादी उनकी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की रिलीज से पहले और 2021 में होगी। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि नीतू कपूर बेटे रणबीर के नए घर बाहर नजर आईं। बता दें कि इस घर के काम को देखने के लिए कई बार रणबीर और आलिया साथ में नजर आ चुके हैं।
करण जौहर के शो में कही ये बात
इससे पहले करण जौहर के टॉक शो 'कॉफी विद करण' में आलिया ने रणबीर के प्रति अपनी चाहत को एक्सेप्ट किया था। एक्ट्रेस ने इस शो में कहा था कि वह हमेशा से रणबीर से शादी करना चाहती थीं। बताया जाता है कि दोनों को अपकमिंग फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की शूटिंग के दौरान प्यार हो गया था। इसके बाद कई बार दोनों को साथ में स्पॉट किया गया। रणबीर के पिता ऋषि कपूर के निधन पर भी आलिया, कपूर परिवार के साथ नजर आई थींं।
फोटोज शेयर कर दिया हिंट
गौरतलब है कि 28 सितंबर, 2018 में जब रणबीर का बर्थडे था, आलिया ने एक्टर के जन्मदिन पार्टी की फोटो शेयर करते हुए लिखा था 'मिस्टर हैंडसम, हैप्पी बर्थडे।' इसमें रणबीर केक के सामने खड़े पोज देते दिखाई दिए थे। इसके अलावा आलिया ने सोशल मीडिया पर अपनी एक फोटो शेयर की थी। बताया जाता है कि ये फोटो रणबीर ने क्लिक की थी। इसके कैप्शन में आलिया ने इच्छा जाहिर की थी कि रणबीर उनकी फोटोज पूरी जिंदगी क्लिक करते रहें। उनका कैप्शन था,'मैं सनसेट और तुम्हे हमेशा चाहती हूं....मेरी तस्वीरें लेते हुए।'
वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणबीर-आलिया अपकमिंग फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में साथ दिखाई देंगे। इसके अलावा आलिया के पास 'गंगूबाई काठियावाड़ी' और 'आरआरआर' जैसी बड़ी मूवीज हैं। वहीं, रणबीर की अगली फिल्म एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के साथ होगी। इसका निर्देशन लव रंजन करेंगे।