
Alia Bhatt and Sharvari Film Alpha: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी की मोस्ट अवेटेड एक्शन थ्रिलर 'अल्फा' थिएटर में दस्तक देने से पहले ही चर्चा का विषय बनी हुई है। YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड फिल्म होने के कारण इसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। फिल्म की रिलीज से पहले एक ट्रेड एक्सपर्ट ने इसकी बॉक्स ऑफिस संभावनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की है।
फिल्म एग्जिबिटर और ट्रेड एनालिस्ट विशेक चौहान का मानना है कि 'अल्फा' (Alpha) की सबसे बड़ी चुनौती इसकी रिलीज विंडो हो सकती है। उनके मुताबिक, फिल्म ऐसे समय थिएटर में आ रही है जब उसके पहले और बाद में बड़े बजट की अन्य फिल्में रिलीज हो रही हैं। ऐसे में दर्शकों का ध्यान बंट सकता है और फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर पर्याप्त स्पेस नहीं मिल पाएगा।
इतना ही नहीं, विशेक चौहान ने ये भी कहा कि भारत में फीमेल एक्शन फिल्मों को बड़े लेवल पर दर्शकों तक पहुंचाना अब भी आसान नहीं माना जाता। उनके अनुसार, ये चुनौती कंटेंट से ज्यादा मार्केटिंग और दर्शकों की पसंद से जुड़ी हुई है। उनका मानना है कि फिल्म को अपनी अलग पहचान बनाने के लिए मजबूत वर्ड ऑफ माउथ और दमदार शुरुआती प्रतिक्रिया की जरूरत होगी। साथ ही, विशेक चौहान ने YRF स्पाई यूनिवर्स और अन्य सिनेमैटिक यूनिवर्स मॉडल पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, एक समय जिस तरह स्पाई यूनिवर्स आधारित फिल्मों का क्रेज था, अब वो पहले जैसा नहीं रहा। हॉलीवुड से लेकर भारतीय सिनेमा तक, दर्शकों की पसंद में बदलाव देखने को मिल रहा है और केवल फ्रेंचाइजी का हिस्सा होना सफलता की गारंटी नहीं है।
हालांकि, 'अल्फा' (Alpha) को लेकर उत्साह कम नहीं है। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी पहली बार हाई-ऑक्टेन एक्शन लुक में दिखाई देंगी। YRF स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा होने के कारण भी इस फिल्म से बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या 'अल्फा' रिलीज से पहले उठ रहे सवालों को पीछे छोड़ते हुए बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर पाएगी या फिर ट्रेड एक्सपर्ट की आशंकाएं सही साबित होंगी।