
Amitabh Bachchan-Kamal Haasan Reunion: भारतीय सिनेमा के दो दिग्गज चेहरे एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। लगभग 40 साल के लंबे समय के बाद अमिताभ बच्चन और कमल हासन ने फिल्म 'कल्कि 2' की शूटिंग के साथ अपनी नई पारी शुरू कर दी है। हैदराबाद में फिल्म के सीक्वल की शूटिंग शुरू हो चुकी है और सेट से सामने आई खबरों ने फैंस के बीच दोगुनी एक्साइटमेंट हो गई है।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए इस मच अवेटेड री-यूनियन की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि वो लंबे समय बाद कमल हासन के साथ काम करने जा रहे हैं। दोनों इससे पहले 1985 में रिलीज हुई फिल्म 'गिरफ्तार' में साथ नजर आए थे। उस फिल्म में स्टारकास्ट की भव्यता और कहानी की दमदार प्रस्तुति ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की थी। अब चार दशक बाद ये जोड़ी फिर से इतिहास दोहराने को तैयार है।
हैदराबाद से शूटिंग की झलक साझा करते हुए अमिताभ बच्चन ने ये भी बताया कि बिजी शेड्यूल के कारण वो इस बार हर रविवार की तरह फैंस को मिल भी नहीं पाए। हालांकि उन्होंने अपने प्रशंसकों को आश्वस्त किया कि काम खत्म होते ही वह दोबारा जुड़ेंगे। उनके शब्दों में, पहले काम और फिर आराम- यही उनका सिद्धांत है।
भारतीय सिनेमा में अमिताभ बच्चन और कमल हासन की अपनी-अपनी विरासत है। एक ओर हिंदी सिनेमा के महानायक, तो दूसरी ओर दक्षिण भारतीय फिल्मों के बहुआयामी कलाकार। ऐसे में दोनों का एक ही फ्रेम में आना किसी सिनेमाई उत्सव से कम नहीं। ‘गिरफ्तार’ के समय भी दर्शकों ने इस जोड़ी को हाथोंहाथ लिया था। अब नई पीढ़ी के दर्शकों के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण साबित हो सकता है।
‘कल्कि 2’ दरअसल 2024 में आई ब्लॉकबस्टर 'कल्कि 2898 एडी' का सीक्वल है। ये एक डिस्टोपियन साइंस-फिक्शन गाथा है, जिसकी जड़ें हिंदू शास्त्रों की कथाओं से प्रेरित हैं। फिल्म में भविष्य की दुनिया को दर्शाया गया है, जहां विष्णु के अंतिम अवतार से जुड़ी एक रहस्यमयी कथा सामने आती है।
इस फ्रेंचाइज में प्रभास मुख्य भूमिका में हैं, जो महाभारत के योद्धा कर्ण से प्रेरित किरदार निभा रहे हैं। वहीं अमिताभ बच्चन अपने अश्वत्थामा वाले किरदार को आगे बढ़ाएंगे, जबकि कमल हासन का ‘सुप्रीम यास्किन’ वाला रहस्यमयी रोल कहानी को नई दिशा देगा। फिल्म का निर्देशन नाग अश्विन कर रहे हैं, जिन्होंने पहले भाग के साथ ‘कल्कि सिनेमैटिक यूनिवर्स’ की नींव रखी थी।
पहले पार्ट में अहम भूमिका निभाने वाली दीपिका पादुकोण इस सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। निर्माताओं ने पहले ही साफ कर दिया था कि दूसरे भाग में उनकी मौजूदगी नहीं रहेगी। हालांकि नए किरदारों और बड़े पैमाने पर तैयार हो रहे विजुअल स्पेक्टेकल ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।