बॉलीवुड

बोफोर्स घोटाले के बाद अमिताभ बच्चन की फिल्मों का हुआ था बहिष्कार! एक्टर सत्यजीत पुरी बोले- ‘लोगों ने पोस्टर्स पर कालिख पोत दी थी’

Amitabh Bachchan Bofors Controversy: एक्टर सत्यजीत पुरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए दवा किया कि बोफोर्स विवाद के बाद अमिताभ बच्चन को लेकर लोगों की राय बदल गई थी, कैसे उनकी फिल्मों का बहिष्कार हुआ था।
2 min read
Aug 11, 2026
Amitabh Bachchan,Bofors controversy
सत्यजीत पुरी और अमिताभ बच्चन की फोटोज। (फूट सोर्स: IMDb and satyajeetpuriofficial)

Amitabh Bachchan Bofors Controversy Posters Blackened: चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर फिल्मों में अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता सत्यजीत पुरी ने हाल ही में बताया कि कैसे बोफोर्स विवाद की वजह से अमिताभ बच्चन और उनकी फिल्मों का बॉयकॉट हुआ। खासतौर पर 1987 की फिल्म 'कौन जीता कौन हारा' सबसे ज्यादा प्रभावित हुई। हाल ही में उन्होंने याद किया कि उस समय एक्टर के खिलाफ लोगों मन में इतना ज्यादा गुस्सा था कि लोगों ने उनकी फिल्मों का बहिष्कार करना शुरू कर दिया। यहां तक कि फिल्म के पोस्टर्स पर भी कालिख पोत दी गई।

फिल्म पसंद आने के बाद अमिताभ बच्चन इसमें शामिल हुए

अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए, सत्यजीत पुरी ने बताया कि कैसे अमिताभ बच्चन ने फिल्म देखी और उससे प्रभावित होकर इसमें शामिल हुए। पुरी ने कहा, "अमित जी ने फिल्म देखी और उन्हें यह पसंद आई। उन्होंने कहा, 'मैं इस फिल्म में क्या रोल कर सकता हूं? आपकी फिल्म तो पहले से ही पूरी हो चुकी है।' उन्होंने कहा, 'आप इस फिल्म में नैरेटर बन जाइए और फिल्म की पूरी कहानी सुनाइए।'"

अमिताभ बच्चन के लिए लिखा गया एक खास सीन

उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन को फिल्म में शामिल करने के लिए एक खास सीन लिखा गया था, जिसमें एक ऐसी सिचुएशन बनाई गई जहां अमित जी एक एक्टर हैं और उनकी कार खराब हो जाती है, और वह पूरी फिल्म की कहानी सुनाते हैं। अमित जी आए, उन्होंने शूटिंग की, उनका सीन शूट किया गया और फिल्म रिलीज हुई।" पुरी ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि बिग बी का नाम फिल्म से जुड़ने से सिनेमाहॉल दर्शकों से खचाखच भर जाएंगे। उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश था कि अब अमित जी हमारी फिल्म में हैं, फिल्म की ओपनिंग अच्छी होगी, लोग आएंगे और देखेंगे।"

बोफोर्स विवाद के बाद अमिताभ बच्चन को लेकर लोगों की सोच बदल गई

हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने याद करते हुए कहा, "बोफोर्स विवाद के बाद हालात तेजी से बदले, और सब कुछ बदल गया। बोफोर्स की कहानी सामने आई और लोग अमित जी के खिलाफ हो गए। लोगों में इतना गुस्सा था कि उन्होंने उनकी फिल्में देखना बंद कर दिया।"

'कौन जीता कौन हारा' के पोस्टर्स पर कालिख पोती गई

दर्शकों की नारजगी का असर थियेटर्स में 'कौन जीता कौन हारा' के रिलीज होने पर बहुत गहरा पड़ा। उन्होंने कहा, "जब फिल्म रिलीज हुई, तो लोगों ने इसे पूरी तरह से नकार दिया। हमारी फिल्म के पोस्टर्स तक पर कालिख पोत दी गई थी। अच्छी कहानी होने के बावजूद फिल्म फ्लॉप हो गई।" इसके साथ ही पुरी ने फिल्म की नाकामी के लिए किस्मत को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इंडस्ट्री में 99% किस्मत का खेल होता है और बाकी 1% भी किस्मत ही होती है।

'कौन जीता कौन हारा' के बारे में

कौन जीता कौन हारा फिल्म का पोस्टर्स। (फोटो सोर्स: IMDb)

जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि 'कौन जीता कौन हारा' को राकेश कुमार ने डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया था। इस फिल्म में कई बड़े कलाकार शामिल थे, जिनमें किशोर कुमार, अरुणा ईरानी, ​​अमरीश पुरी, जगदीप, टीनू आनंद और सत्यजीत पुरी शामिल थे, साथ ही अमिताभ बच्चन ने भी इसमें खुद की भूमिका में एक झलक दिखाई थी।

Updated on:
11 Aug 2026 01:12 pm
Published on:
11 Aug 2026 01:12 pm