
Amitabh Bachchan Post: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके फैंस के बीच एक अटूट रिश्ता है। पिछले कई दशकों से यह परंपरा चली आ रही है कि हर रविवार को बिग बी अपने मुंबई वाले बंगले 'जलसा' के गेट पर आकर हजारों फैंस से मिलने आते हैं और उनका अभिवादन करते हैं। लेकिन इस रविवार यानी 22 फरवरी को जलसा के बाहर सन्नाटा पसरा रहा। गेट के बाहर जुटने वाली भीड़ को मायूसी हाथ लगी। अमिताभ बच्चन ने खुद अपने ब्लॉग के जरिए इस रविवार दर्शन के न होने की जानकारी अपने फैंस को दी।
अमिताभ बच्चन ने अपने टंबलर (Tumblr) ब्लॉग पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए बताया कि काम की व्यस्तता और कुछ अन्य कारणों से वह इस बार गेट पर नहीं आ पाएंगे। उन्होंने लिखा, "काम पूरे जोश के साथ जारी है… लेकिन… एक 'लेकिन' आ गया है। रविवार की छुट्टी का आनंद लेने के लिए मेरा दिन यहीं समाप्त होता है। यहां रविवार तो है, लेकिन अफसोस कि जलसा गेट पर इस बार रविवार (दर्शन) नहीं है। इसलिए अपनी ऊर्जा बचाकर रखिए, हम जल्द ही मिलेंगे।" उनके इस संदेश ने साफ कर दिया कि वह भले ही सामने न आ पाए हों, लेकिन उन्हें अपने फैंस का पूरा ख्याल है।
भले ही इस रविवार आम फैंस को दर्शन न मिले हों, लेकिन हाल ही में बिग बी के एक पड़ोसी, निर्मित जेसरानी की किस्मत चमक गई। निर्मित ने सोशल मीडिया पर अपना इमोशनल पोस्ट करते हुए बताया कि अमिताभ बच्चन ने उन्हें पर्सनली अपने घर पर बुलाया था।
निर्मित ने बताया, "मुझे बिग बी की टीम से मैसेज मिला कि सर शाम 5 बजे मिलेंगे। जब हम उनके घर पहुंचे, तो उन्होंने हमें बड़े प्यार से रिसीव किया। हमने उनके पैर छूने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने हमें बड़े शालीन तरीके से रोक दिया। उन्होंने न सिर्फ हमें ऑटोग्राफ दिया, बल्कि अपनी तस्वीर वाली एक टी-शर्ट भी गिफ्ट की। हमने उनके साथ ग्रुप फोटो और सोलो तस्वीरें भी खिंचवाईं।" निर्मित के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा था।
82 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन का काम के लिए जुनून कम नहीं हुआ है। इन दिनों वह अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल की तैयारियों में जुटे हैं। नाग अश्विन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में वह एक बार फिर 'अश्वत्थामा' के दमदार रोल में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ प्रभास और कमल हासन जैसे दिग्गज कलाकार होंगे।