बॉलीवुड

फेमस सिंगर ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों के 200 घरों को लिया गोद, सोनू सूद ने भी बढ़ाया हाथ

Punjab Flood Crisis: पंजाब के कुछ हिस्से बाढ़ की चपेट में है। बहुत से लोगों का आशियाना उजड़ गया है। सिर ढकने के लिए छत नहीं है। वह अब बेघर हैं, इन्हीं मासूम लोगों की मदद के लिए पंजाब के दो कलाकार ने मदद के लिए आगे हाथ बढ़ाया है।
2 min read
• •
Updated: 1 Sep 2025, 8:30 PM IST
Punjab Flood Crisis
पंजाब बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आए एमी विर्क, गुरु रंधावा और सोनू सूद

Punjab Flood Relief: पंजाब इन दिनों भयंकर बाढ़ की चपेट में है। नदियों का उफान और लगातार बारिश ने कई जिलों में तबाही मचा दी है। सैकड़ों गांव पानी में डूब गए, लोगों के घर बर्बाद हो गए, फसलें खराब हो चुकी हैं, और आम जिंदगी ठप हो गई है। इस संकट की घड़ी में सरकार और राहत टीमें मदद के लिए जुटी हुई हैं, लेकिन पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के सितारे भी पीछे नहीं हैं।

पंजाबी अभिनेता और गायक एमी विर्क ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद का ऐलान किया। उन्होंने 200 परिवारों को गोद लेने का वादा किया है, ताकि उनकी मुश्किलें कुछ कम हो सकें।

एमी विर्क ने पोस्ट में लिखा…

एमी विर्क ने पोस्ट में लिखा, "पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही देखकर दिल दुखता है। अपने लोगों को बिना छत के देखकर मैं पूरी तरह टूट गया हूं। उन्हें राहत देने के लिए एक छोटा सा प्रयास करने जा रहा हूं। हमारी टीम 200 घरों को गोद ले रही है, जिन्होंने अपना सब कुछ खो दिया है।"

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आश्रय से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह आशा, सम्मान और फिर से शुरुआत करने की ताकत देने के बारे में है। आइए हम सभी मिलकर जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करें।

लोकप्रिय पंजाबी सिंगर गुरू रंधावा पहले ही बाढ़ग्रस्त लोगों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, "पंजाब और बाढ़ से प्रभावित सभी राज्यों के लिए प्रार्थना। आइए हम हरसंभव मदद करें। मैं अपने इलाके डेरा बाबा नानक और अपने गांव धारोवाली के पास सहायता शिविर लगा रहा हूं।"

मदद के लिए आगे आए बॉलीवुड स्टार सोनू सूद

वहीं बॉलीवुड स्टार सोनू सूद भी मदद के हाथ आगे आए हैं। एक्टर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "मैं पंजाब के साथ हूं। इस विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित कोई भी व्यक्ति अकेला नहीं है। हम सब मिलकर हर एक व्यक्ति को फिर से अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करेंगे। अगर आपको किसी भी तरह की मदद की जरूरत है तो कृपया बेझिझक संदेश भेजें। हम आपकी हरसंभव मदद करने की पूरी कोशिश करेंगे।"

उन्होंने कहा कि पंजाब मेरी आत्मा है। चाहे सब कुछ चला जाए, मैं पीछे नहीं हटूंगा। हम पंजाबी हैं और हम हार नहीं मानते।"

Updated on:
1 Sep 2025, 8:30 PM IST
Published on: